राहुल गांधी की रैली से पहले मार्च पर विवाद, किरेन रिजीजू ने पूछे 5 सवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31 October 2026): कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली का ऐलान किया है। इस रैली में विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के कई नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। रैली से पहले राहुल गांधी ने मार्च निकालने की भी घोषणा की है, लेकिन इसको लेकर दिल्ली पुलिस और कांग्रेस के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने रैली से पहले मार्च निकालने की अनुमति नहीं ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की इजाजत दी गई है, मार्च निकालने की अनुमति नहीं है।

इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज कर दिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस से पांच सवालों के जवाब मांगे हैं। रिजिजू ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह इन सवालों का जवाब देश के सामने रखे। उन्होंने पहला सवाल 2014 के लोकसभा चुनाव को लेकर पूछा और कहा कि जब उस समय चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान हुई थी, तब कांग्रेस महज 44 सीटों पर कैसे सिमट गई थी? रिजिजू ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाते हुए पार्टी की मौजूदा राजनीतिक दलीलों पर भी निशाना साधा।

रिजिजू ने दूसरा सवाल 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उठाया। उन्होंने पूछा कि जब ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे, तब कांग्रेस को लगातार तीसरी बार चुनावी हार का सामना कैसे करना पड़ा? केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस से यह भी सवाल किया कि क्या पार्टी के मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे और 2014 से 2026 के बीच विभिन्न राज्यों में सरकारें बनाने के लिए माफी मांगेंगे? रिजिजू का इशारा कांग्रेस के उन आरोपों की ओर था, जिनमें पार्टी चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर पक्षपात करने तथा चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाती रही है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने चौथे सवाल में मतदाता सूची में दर्ज नामों को लेकर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने पूछा कि क्या मतदाता सूची से अवैध प्रवासियों, मृत व्यक्तियों, दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं और एक से अधिक बार दर्ज नामों को हटाया जाना चाहिए या नहीं? रिजिजू ने पांचवें सवाल में देश में पहले कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) का जिक्र किया। उन्होंने पूछा कि क्या 1952-56, 1958-61, 1965-66, 1983-84, 1987-88, 1993, 1995 और 2002-2004 के दौरान हुए एसआईआर भी अवैध थे? बीजेपी का कहना है कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर जरूरी है, ताकि अपात्र नाम हटाए जा सकें और केवल पात्र भारतीय नागरिकों को मतदान का अधिकार मिले।

रिजिजू ने अपनी पोस्ट के अंत में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी ताकतों के साथ मिलकर एक परिवार की पार्टी संविधान और भारत के लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, राहुल गांधी और विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और बीजेपी के साथ मिलीभगत करके वोट चोरी की जा रही है, जिसके कारण विपक्ष को चुनावों में नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग भी उठा रही है। ऐसे में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर राजनीतिक निगाहें टिकी हैं। साथ ही मार्च की अनुमति को लेकर दिल्ली पुलिस के रुख और किरेन रिजिजू के पांच सवालों ने इस राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।