नोएडा में पांच लोगों से 1.15 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, बैंक अधिकारी बनने का लिया सहारा
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (31/10/2026): नोएडा में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से पांच लोगों को अपना शिकार बनाकर 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। किसी को क्रिप्टो करेंसी और विदेशी शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया तो किसी को बैंक अधिकारी बनकर फोन किया गया। वहीं, बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के नाम पर भी एक व्यक्ति से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।
सभी पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर क्राइम थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में योगेश गुप्ता को टेलीग्राम के जरिए क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा दिया गया। आरोपियों ने वेबसाइट पर ट्रेडिंग के माध्यम से मुनाफे का भरोसा दिलाया। रकम निकालने की कोशिश करने पर फीस, टैक्स और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर पैसे मांगे गए। इस तरह उनसे 14 लाख 33 हजार 225 रुपये ठग लिए गए।
दूसरे मामले में प्रकाश चंद मिश्रा को बैंक अधिकारी बनकर फोन किया गया। आरोपियों ने बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने के बाद उनके खाते से कई बार रकम निकाल ली। 27 नवंबर से 27 दिसंबर 2025 के बीच हुई इस धोखाधड़ी में उन्हें 36 लाख 34 हजार 330 रुपये का नुकसान हुआ। वहीं, विजय वर्मा को विदेशी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 46 लाख 41 हजार 14 रुपये का चूना लगाया गया। उन्हें एक वेबसाइट के माध्यम से अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई गई।
इसी तरह शुभम खंडेलवाल को वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा देकर 13 लाख रुपये ठग लिए गए। जबकि मुनेश शर्मा से बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के नाम पर 5 लाख 25 हजार एक रुपये जमा करा लिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उनसे संपर्क बंद कर दिया।
पांचों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ये घटनाएं ऑनलाइन निवेश योजनाओं, फर्जी बैंक कॉल और बीमा संबंधी प्रस्तावों के जरिए हो रही साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को दर्शाती हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।