चिल्ला एलिवेटेड रोड का 65 प्रतिशत निर्माण पूरा, दिसंबर 2027 तक शुरू होने का लक्ष्य

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (30/10/2026): दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने वाली चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही 5.57 किलोमीटर लंबी छह लेन की सड़क का करीब 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से प्रतिदिन करीब पांच लाख वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह एलिवेटेड रोड दिल्ली के मयूर विहार की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे नोएडा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी। इससे चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक लगने वाले जाम में कमी आएगी। साथ ही ग्रेटर नोएडा, आगरा और लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों को शहर के अंदरूनी रास्तों से गुजरने की परेशानी कम होगी।

निर्माण की प्रगति के अनुसार, कुल 1567 पाइल्स में से 1300, 271 पाइल कैप में से 220 और 271 पियर शाफ्ट में से 150 का काम पूरा हो चुका है। परियोजना की भौतिक प्रगति 65 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 42 प्रतिशत दर्ज की गई है। अब तक करीब 200 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

सेक्टर-94 और जेवर एयरपोर्ट तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

चिल्ला एलिवेटेड रोड को सेक्टर-94 में प्रस्तावित एलिवेटेड मार्ग से जोड़ने की योजना है। इसके आगे पुश्ता रोड के जरिए जेवर एयरपोर्ट तक संपर्क विकसित करने की तैयारी है। लगभग 50 किलोमीटर लंबे पुश्ता रोड-जेवर एयरपोर्ट एलिवेटेड मार्ग की डीपीआर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तैयार कर रहा है।

इसके अलावा नोएडा में महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 और रजनीगंधा से सेक्टर-62 तक भी एलिवेटेड रोड बनाने की योजनाओं पर काम चल रहा है। रजनीगंधा से सेक्टर-62 तक प्रस्तावित मार्ग की डीपीआर तैयार की जा रही है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटाना और दिल्ली-नोएडा सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन को बेहतर बनाना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।