Greater Noida News (31/10/2026): ग्रेटर नोएडा के बीटा प्लाजा में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक ने उसे पकड़कर सिर के बल सड़क पर पटक दिया। इसके बाद अन्य युवकों ने भी लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई की। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद विवाद काफी देर तक चलता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में शुरुआत में एक कार गुजरती नजर आती है। कार की पिछली खिड़की से हाथ बाहर निकालकर एक युवक पुलिसकर्मियों की ओर अभद्र इशारा करता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वहां काले रंग की थार पहुंचती है। गाड़ी की खिड़की खुलते ही उसमें सवार कुछ युवक बाहर नजर आते हैं। इसके बाद मामला तेजी से बढ़ता है और दोनों पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल जाता है।
वीडियो में करीब चार युवक एक व्यक्ति को घेर लेते हैं। इसी दौरान उनमें से एक युवक उसे पकड़कर जोर से सड़क पर पटक देता है। वह सिर के बल जमीन पर गिरता है। इसके बाद हमलावर उसे संभलने का मौका दिए बिना लात-घूंसों और डंडों से पीटने लगते हैं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ भी जमा दिखाई देती है। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद पुलिसकर्मी भी वीडियो में नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर पुलिस व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस वीडियो को समाजवादी पार्टी के नेता मोहित नागर ने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में इस तरह की घटना होने पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
एक महीने पुरानी है घटना, तीन आरोपियों पर दर्ज हुई थी FIR
मामले में बीटा-2 कोतवाली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि लगभग एक महीने पुरानी घटना का है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलने के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस के अनुसार, पुरानी घटना का वीडियो अब दोबारा सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। हालांकि वीडियो के फिर से वायरल होने के बाद पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।