जेवर एयरपोर्ट पर विमान हादसे का अलर्ट, 7 मिनट में पहुंचीं एंबुलेंस; 16 अस्पतालों ने लिया मॉक ड्रिल में हिस्सा

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (30/10/2026): जेवर स्थित नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को अचानक विमान हादसे का सायरन बजने लगा। कुछ ही देर में एयरपोर्ट परिसर में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और चारों ओर आपातकालीन गतिविधियां तेज हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें सक्रिय हो गईं। सरकारी एंबुलेंस महज सात मिनट के भीतर एयरपोर्ट परिसर पहुंच गईं। हालांकि, यह कोई वास्तविक विमान दुर्घटना नहीं थी, बल्कि एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए आयोजित पूर्णस्तरीय मॉक ड्रिल ‘सक्षम-2026’ का हिस्सा था।

अभ्यास के दौरान दोपहर 2:19 बजे विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की काल्पनिक सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद फोन कॉल, समूह संदेश और आपातकालीन अलर्ट के माध्यम से संबंधित विभागों को तत्काल सूचित किया गया। निर्धारित योजना के तहत सभी एजेंसियों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

मॉक ड्रिल में 150 यात्रियों की क्षमता वाले विमान में 82 लोगों के सवार होने की स्थिति दर्शाई गई। इनमें 19 यात्रियों को गंभीर रूप से घायल और सात को अत्यंत नाजुक हालत में दिखाया गया। बचाव दलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और उन्हें अस्पतालों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

25 एंबुलेंस और 16 अस्पतालों को किया गया शामिल

आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। करीब 25 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को जेवर और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इसमें कैलाश अस्पताल जेवर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर, कैलाश अस्पताल ग्रेटर नोएडा और निम्स सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों को शामिल किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास में जिला प्रशासन के साथ कुल 16 अस्पतालों और विभिन्न आपातकालीन इकाइयों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य किसी बड़ी विमान दुर्घटना की स्थिति में घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पतालों की आपातकालीन क्षमता का आकलन करना था।

संचार व्यवस्था से लेकर बचाव अभियान तक की हुई जांच

मॉक ड्रिल के दौरान केवल राहत एवं बचाव कार्यों का ही अभ्यास नहीं किया गया, बल्कि आपातकालीन सूचना के आदान-प्रदान, संचार प्रणाली, घटनास्थल पर संसाधनों की उपलब्धता, घायलों की पहचान, अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की भी जांच की गई।

इस अभ्यास में इंडिगो, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), उत्तर प्रदेश पुलिस, एयरपोर्ट मेडिकल सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) सहित संबंधित एजेंसियों ने हिस्सा लिया।

ICAO के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हुआ अभ्यास

नागर विमानन संगठन (ICAO) के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस पूर्णस्तरीय मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विमान दुर्घटना जैसी गंभीर आपातकालीन स्थिति में सभी संबंधित विभागों की तत्परता और कार्यक्षमता को परखना था। इसके माध्यम से एयरपोर्ट की आपातकालीन संचालन प्रणाली, बचाव योजनाओं और बाहरी एजेंसियों के साथ समन्वय की व्यावहारिक समीक्षा की गई।

नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतू समरा ने कहा कि एयरपोर्ट संचालन में यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के अभ्यास से निर्धारित प्रक्रियाओं की प्रभावशीलता का आकलन करने, संभावित कमियों और सुधार की जरूरतों की पहचान करने तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलती है।

इस मॉक ड्रिल के जरिए जेवर एयरपोर्ट ने यह सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी तैयारियों को परखा कि किसी वास्तविक आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।