ग्रेटर नोएडा में छह लेन सड़क निर्माण कार्य शुरू | Greater Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (22 फरवरी 2024): ग्रेटर नोएडा से दादरी जेंटी रोड को सीधी कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से सेक्टर जीटा-वन गोलचक्कर से पल्ला रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तक छह लेन की सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। इस सड़क की कुल लंबाई 1.5 किलोमीटर और चौड़ाई 60 मीटर होगी। निर्माण कार्य पर लगभग 13 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि भविष्य में इसे जीटी रोड तक विस्तारित करने की योजना है।

इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण पहले भूमि विवाद के कारण रुका हुआ था। मकौड़ा गांव के पास जमीन को लेकर कुछ कानूनी अड़चनें आ रही थीं, लेकिन अब विवाद का समाधान हो गया है और कार्य में तेजी लाई जा रही है। यह सड़क मकौड़ा, थापखेड़ा और पाली गांवों से होकर गुजरेगी और पल्ला आरओबी के साथ जुड़ेगी।

इस सड़क के निर्माण से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क को भी कनेक्टिविटी मिलेगी। वर्तमान में यह सड़क जैतपुर गोलचक्कर से जीटा-वन गोलचक्कर तक बनी हुई है। जब यह सड़क पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी, तब यह जीटी रोड पर चिटहेरा गांव के पास जाकर मिलेगी। इससे तिलपता गोलचक्कर और दादरी के चिटहेरा क्षेत्र में लगने वाले यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी।

ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) एसके सिंह ने जानकारी दी कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में यातायात की स्थिति में सुधार होगा और आवागमन सुगम होगा। साथ ही, बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब को भी इससे लाभ मिलेगा।

फिलहाल, यह सड़क पल्ला आरओबी तक बनाई जा रही है, लेकिन इसे आगे बढ़ाने की योजना भी तैयार है। भविष्य में इस सड़क को जीटी रोड तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे दादरी और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इस सड़क से मकौड़ा, पाली, थापखेड़ा सहित अन्य गांवों और सेक्टरों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।