पदभार संभालते ही मंत्री आशीष सूद ने बता दिया, क्या होगी प्रमुख प्राथमिकताएं?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (22 फरवरी 2025): दिल्ली के नव नियुक्त गृह मंत्री आशीष सूद ने अपना कार्यभार संभालते ही गृह विभाग के अधिकारियों के साथ पहली महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में दिल्ली की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजधानी में सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
गृह मंत्री ने बैठक में कहा, “हमारी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाना है। दिल्ली में हर नागरिक को सुरक्षित माहौल मिले, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाया जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास रहेगा कि हर व्यक्ति बिना किसी भय के स्वतंत्र रूप से जीवन व्यतीत कर सके।
आशीष सूद ने गृह विभाग के कार्यों में पारदर्शिता और प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाना और आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करना प्राथमिकता में रहेगा। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, अपराध नियंत्रण बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नई तकनीकों और संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाएगा।
गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा, “हम दिल्ली को एक ऐसा शहर बनाएंगे, जहां हर व्यक्ति गर्व से रह सके।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नई सरकार के इस सक्रिय रुख से साफ है कि दिल्ली में प्रशासनिक सुधार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब तेजी से काम होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।