पीएम मोदी से मिली दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, किन मुद्दों पर हुई बातचीत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (22 फरवरी 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात प्रधानमंत्री आवास में हुई, जिसे राजधानी के विकास और आगामी बजट से जुड़ी महत्वपूर्ण चर्चा के रूप में देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री को कहा धन्यवाद

शनिवार को अपने आवास से निकलते समय सीएम रेखा गुप्ता ने जनता से बातचीत की और कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने के लिए मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की जनता को उनका हक दिलाने के लिए तेजी से फैसले लिए जा रहे हैं। शपथ ग्रहण के बाद से ही रेखा गुप्ता लगातार एक्शन मोड में हैं। उन्होंने शुक्रवार को तीन महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया, जिसमें दिल्ली की टूटी सड़कों और जल आपूर्ति की व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

‘दिल्ली को मिलेगा उसका हक’

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली में 15 साल कांग्रेस और 13 साल आम आदमी पार्टी की सरकार रही, लेकिन विकास ठप रहा। हमारी सरकार बनते ही हमने पहला बड़ा फैसला आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का लिया, ताकि दिल्ली की जनता को वह हक मिले, जिसे सालों तक रोका गया था।” दिल्ली सरकार ने होली और दीवाली के अवसर पर प्रत्येक परिवार को एक मुफ्त गैस सिलेंडर देने और एक साल में 10 गैस सिलेंडर सिर्फ ₹500 में उपलब्ध कराने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना का खाका तैयार करने के निर्देश दिए।

खबर यह भी आ रही है कि आज शाम 9:00 दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके घर पर जाएंगी। माना जा रहा है कि इस दौरान वे गृह मंत्री से दिल्ली कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा करेंगी तथा अन्य विकासात्मक कार्यों पर भी चर्चा हो सकती है।

रेखा गुप्ता की यह मुलाकात बताती है कि दिल्ली में नई सरकार केंद्र के सहयोग से तेजी से विकास कार्यों को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।