ध्रुव राठी की गिरफ्तारी की फर्जी खबर फैलाने पर नोएडा में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (18/10/2026): यूट्यूबर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में नोएडा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी का दावा करने वाली पोस्ट साझा की गई थीं, जिन्हें जांच के बाद पुलिस ने गलत बताया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को एक्स पर कुछ अकाउंट से ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर पोस्ट प्रसारित की गई थीं। इन पोस्ट में दावा किया गया था कि हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान से जुड़े वीडियो बनाने और सेना व पुलिस को सरकार के खिलाफ भड़काने के आरोपों में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पोस्ट में भारत लौटने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होने और उत्तर प्रदेश सरकार से राहत नहीं मिलने जैसी बातें भी कही गई थीं।
नोएडा पुलिस ने इन दावों की जांच की, लेकिन ध्रुव राठी की गिरफ्तारी की पुष्टि करने वाली कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें प्रसारित करने से आम लोगों के बीच भ्रम फैल सकता है। साथ ही, ऐसी भ्रामक सूचनाएं सामाजिक माहौल और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।
इस मामले में नोएडा पुलिस के मीडिया सेल में तैनात उपनिरीक्षक सुशील कुमार की शिकायत पर सेक्टर-39 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभिषेक कुमार और प्रियंका कनाडे समेत अन्य एक्स हैंडल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इन पोस्ट के जरिए लोगों को उकसाने और प्रशासन के प्रति गलत धारणा बनाने का प्रयास किया गया।
एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस अब संबंधित पोस्ट के स्रोत, उनके प्रसार और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।