नोएडा की आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी में डांडिया नाइट के दौरान हंगामा, विवाद में कई कारें क्षतिग्रस्त

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (19/10/2026): नोएडा के सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी में डांडिया नाइट के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हंगामे और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार से सोसाइटी परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर लगने से नुकसान पहुंचा। घटना के बाद सोसाइटी में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सोसाइटी में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने आए आशु नाम के युवक का पार्किंग को लेकर अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के सदस्यों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार में सवार पांच युवतियों और दो युवकों पर गाली-गलौज करने के आरोप लगे। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने आशु के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी कार को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

घटनाक्रम के बीच कार से निकलने की कोशिश में सोसाइटी परिसर में खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी टक्कर की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। घटना के बाद निवासियों में नाराजगी फैल गई। सोसाइटी के सुरक्षा कर्मचारी योगेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संबंधित कार को कब्जे में लेकर एक युवक को हिरासत में लिया है।

वहीं, सोसाइटी के कुछ निवासियों ने दावा किया कि कार के अंदर शराब की खाली बोतलें मिली थीं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले को लेकर नोएडा हाईराइज फेडरेशन और विभिन्न AOA के सदस्यों समेत 100 से अधिक निवासी सेक्टर-113 थाने पहुंचे। उन्होंने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।

फिलहाल पुलिस पार्किंग विवाद की शुरुआत, मारपीट में शामिल लोगों और कई वाहनों को टक्कर लगने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।