दिल्ली में वोट कटने का विवाद: केजरीवाल ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप, भाजपा ने दिया कड़ा जवाब
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (06 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली में “आप” समर्थकों के वोट काटने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली में लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश कर रही है और इसके लिए चुनाव आयोग की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है।
केजरीवाल ने खुलासा किया कि भाजपा ने शाहदरा विधानसभा क्षेत्र में 11,018 वोट काटने के लिए चुनाव आयोग को आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने इनमें से 500 वोटरों की जांच की, जिनमें से 372 लोग जीवित पाए गए और अपने पते पर ही रह रहे थे। “यह एक साजिश है, जिसका उद्देश्य आम आदमी पार्टी के वोट बैंक को कमजोर करना है,” केजरीवाल ने कहा। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि 18 अक्टूबर के बाद से किसी भी वोट को काटने की अनुमति न दी जाए।
बीजेपी का पलटवार:
“केजरीवाल कर रहे हैं झूठे आरोप”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का संकल्प है कि एक भी फर्जी वोट चुनाव में न डाले जाएं। “केजरीवाल अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के फर्जी वोटों का बचाव कर रहे हैं,” उन्होंने आरोप लगाया।
सचदेवा ने आगे कहा कि आतिशी मार्लेना (आप नेता) ईमानदार अधिकारियों पर दबाव बना रही हैं कि वे अवैध वोटों को न हटाएं।
संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर जोर
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल की बयानबाजी से संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है। “देश में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने से लोकतंत्र कमजोर होता है।”
दिल्ली में आगामी चुनाव से पहले वोट काटने के विवाद ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। जहां केजरीवाल भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं भाजपा ने इसे “फर्जी वोटरों का बचाव” बताते हुए खारिज कर दिया है। चुनाव आयोग की भूमिका और पारदर्शिता पर उठ रहे सवाल इस मुद्दे को और गंभीर बना रहे हैं।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।