केजरीवाल का आरोप: BJP दिल्ली में AAP समर्थकों के वोट कटवाने की रच रही साजिश!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (6 दिसंबर 2024): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा खुलासा करते हुए भाजपा पर “आप” समर्थकों के वोट बड़े पैमाने पर कटवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली में लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश कर रही है। केजरीवाल ने मांग की है कि 18 अक्टूबर के बाद से दिल्ली चुनाव तक एक भी वोट काटने की अनुमति न दी जाए।

भाजपा पर वोट डिलीशन का गंभीर आरोप

केजरीवाल ने बताया कि शाहदरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने 11,018 वोट काटने के लिए चुनाव आयोग को आवेदन दिया है। जब उनकी पार्टी ने इनमें से 500 वोटरों की जांच की, तो पाया कि इनमें से 372 लोग जीवित हैं और अपने पते पर ही रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर आम आदमी पार्टी के वोटरों को निशाना बना रही है।

चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उठाया सवाल

केजरीवाल ने चुनाव आयोग की भूमिका को भी संदिग्ध बताया। उन्होंने कहा कि आयोग को हर आवेदन अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक करना चाहिए, लेकिन अब तक शाहदरा क्षेत्र में केवल 487 आवेदन ही दिखाए गए हैं। जबकि भाजपा ने 11,018 वोट काटने का आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग चोरी-छिपे भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है।

शाहदरा में 6% वोट कटवाने की हो रही कोशिश

केजरीवाल ने कहा कि शाहदरा में कुल 1,86,362 वोटर हैं। भाजपा 11,018 वोट काटकर यहां 6% वोट खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार “आप” यहां मात्र 5,294 वोटों से जीती थी। अगर इतने वोट काट दिए गए, तो चुनाव का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

केजरीवाल ने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयोग ने 18 अक्टूबर तक घर-घर जाकर वोटरों की जांच कर ली थी, तो फिर अब इतने बड़े पैमाने पर वोट क्यों काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के आवेदन के आधार पर वोट काटना गलत है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।

जांच की मांग और अधिकारियों को चेतावनी

केजरीवाल ने इस मामले की गहराई से जांच की मांग की और चेतावनी दी कि अगर कोई अधिकारी गलत तरीके से वोट काटता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गलत दस्तखत करने वाले अधिकारियों पर भविष्य में कार्रवाई की जाएगी।

केजरीवाल ने मीडिया के सामने उन लोगों को भी पेश किया, जिनके वोट काटने की साजिश की जा रही थी। इन लोगों ने अपने वोटर आईडी कार्ड दिखाते हुए बताया कि वे आज भी अपने पते पर रह रहे हैं।

भाजपा पर दिल्ली में हार के डर का आरोप

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा दिल्ली में अपनी हार देखकर बौखला गई है और अब आम आदमी पार्टी के वोटरों के नाम काटने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा के इस षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी।

केजरीवाल ने चुनाव आयोग से मांग की कि 18 अक्टूबर के बाद से दिल्ली चुनाव तक किसी भी वोट को काटने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ दिल्ली का नहीं, बल्कि पूरे देश में लोकतंत्र के लिए खतरा है। जनता को अपने वोटिंग अधिकार की रक्षा के लिए जागरूक होना चाहिए।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।