काशीराम परिनिर्वाण दिवस पर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (08/10/2026): राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-95 नोएडा में 9 अक्टूबर 2026 को मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है।

यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान, विशेषकर पूर्वाह्न में यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहन

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सकेंगे।

2. कालिंदी कुंज से दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात

कालिंदी कुंज की तरफ से दिल्ली, चिल्ला अथवा डीएनडी की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए आगे भेजा जाएगा।

3. महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्जन

यदि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की दिशा में दलित प्रेरणा स्थल के आसपास यातायात का दबाव बढ़ता है, तो वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

4. गेट नंबर-4 और 5 के पास दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग

दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-4 और 5 के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सेक्टर-18 से रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए आगे जा सकेंगे। इसके अलावा सेक्टर-18 अंडरपास से एलीवेटेड रोड का इस्तेमाल भी किया जा सकेगा।

5. डीएनडी और फिल्मसिटी फ्लाईओवर के पास जाम की स्थिति में डायवर्जन

नोएडा से ग्रेटर नोएडा की दिशा में जाने वाले मार्ग पर डीएनडी अथवा फिल्मसिटी फ्लाईओवर के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद यातायात रजनीगंधा चौक, अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए गंतव्य की ओर जा सकेगा।

अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के निजी वाहनों के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।

दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर से आने वाले हल्के वाहन फिल्मसिटी परिसर में स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।

परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले हल्के वाहन सेक्टर-95 गंदा नाला के पास राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।

सेक्टर-60 और सेक्टर-18 की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

आपातकालीन वाहनों को मिलेगा रास्ता

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था लागू रहने के दौरान एंबुलेंस समेत अन्य चिकित्सीय वाहनों और फायर सर्विस के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं सुचारु रूप से निकाला जाएगा।

यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने वाहन चालकों से अपील की है कि 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें और आवश्यकता के अनुसार निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। यातायात से संबंधित किसी समस्या या सहायता के लिए 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।