PM मोदी का बड़ा विजन, भारत अब ‘कंज्यूमर’ से ‘क्रिएटर’ बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 October 2026): दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत बीते वर्षों में केवल तकनीक का उपभोक्ता रहने के बजाय अब ‘कंज्यूमर से क्रिएटर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का लक्ष्य ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उत्पाद और उसका डिजाइन भारत में तैयार हो, उसकी तकनीक और बौद्धिक संपदा यानी IP भी भारत की हो। इसके लिए सरकार की ओर से लगातार प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं और दूरसंचार क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दशकों पुराने कानूनों को आधुनिक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट के जरिए आधुनिक नियामक ढांचा तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम क्षेत्र पर मौजूद संरचनात्मक बोझ को भी तर्कसंगत बनाया जा रहा है, जिसमें AGR और बैंक गारंटी जैसे मुद्दे शामिल हैं। वहीं, ‘गति शक्ति संचार’ पोर्टल के जरिए डिजिटल माध्यम से राइट ऑफ वे यानी दूरसंचार ढांचे के लिए अनुमति की प्रक्रिया को तेज किया गया है।

पीएम मोदी ने भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को भी देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर और उसके निर्माण से जुड़ा इकोसिस्टम तेजी से गति पकड़ रहा है और पांच स्थानों पर व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर मिशन के अगले चरण में सरकार का ध्यान पूरी सप्लाई चेन विकसित करने पर रहेगा, ताकि भारत इस क्षेत्र में केवल निर्माण ही नहीं बल्कि पूरी वैल्यू चेन का मजबूत केंद्र बन सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत टेलीकॉम क्षेत्र के हर पहलू में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है और इंडिया मोबाइल कांग्रेस ने इस यात्रा में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा लगातार नए मुकाम हासिल करने और अपनी कोशिशों का विस्तार करने की प्रक्रिया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने ‘विकसित भारत’ का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को तकनीक, नवाचार, दूरसंचार और विनिर्माण के क्षेत्र में लगातार अपने प्रयासों को आगे बढ़ाना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।