ग्रेटर नोएडा में पेयजल संकट पर RWA फेडरेशन सख्त, GNIDA CEO ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/10/2026): ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में लगातार सामने आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर फेडरेशन ऑफ RWA, ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने किया।
बैठक में शहर के अलग-अलग सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के सामने रखा गया। RWA प्रतिनिधियों ने बताया कि कई क्षेत्रों में कम प्रेशर, दूषित पानी की आपूर्ति, UGR से जुड़ी दिक्कतें, खराब पानी की मोटरों और पंपों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर पुरानी और जर्जर जलापूर्ति लाइनों के चलते भी पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों में जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। पुरानी पाइपलाइन और खराब उपकरणों के कारण कई बार लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, जबकि कुछ इलाकों में गंदे पानी की शिकायतें भी सामने आती हैं। उन्होंने प्राधिकरण से इन समस्याओं के लिए तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पुरानी जलापूर्ति लाइनों को बदलने, खराब UGR मोटरों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने, जरूरत वाले स्थानों पर नई मोटर और पंप लगाने तथा कम प्रेशर एवं दूषित पानी की समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए GNIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुरानी जलापूर्ति लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने, खराब UGR मोटरों को जल्द ठीक करने अथवा नई मोटर लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार नए पंप स्थापित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अधिकारियों को उन क्षेत्रों में भी शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया, जहां कम प्रेशर या गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतें सामने आ रही हैं। बैठक में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने और सेक्टरों में लोगों को पर्याप्त एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
फेडरेशन ऑफ RWA के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण की ओर से जारी निर्देशों के बाद विभिन्न सेक्टरों में पेयजल व्यवस्था में जल्द सुधार देखने को मिलेगा। फेडरेशन ने कहा कि शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वह आगे भी GNIDA और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगा।
बैठक में कैप्टन वीरेंद्र सिंह, फेडरेशन महासचिव ऋषिपाल भाटी, कोषाध्यक्ष भुवनेश गर्ग, RWA सेक्टर P-3 के अध्यक्ष अमित भाटी, सेक्टर डेल्टा-2 के अध्यक्ष बॉबी भाटी, सेक्टर-36 के अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी और सेक्टर-37 के अध्यक्ष जय सिंह भाटी सहित विभिन्न RWA के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फेडरेशन ने दोहराया कि ग्रेटर नोएडा के निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण के साथ समन्वय कर समस्याओं को संबंधित स्तर पर लगातार उठाया जाता रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।