कॉलेज की जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद, छात्रों ने मौके पर पहुंचकर गिराई दीवार
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (07/10/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में बिहारीलाल इंटर कॉलेज की करीब 2 हजार गज जमीन को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे की कोशिश करते हुए वहां बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौके पर पहुंच गए और निर्माण का विरोध किया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे जमीन पर मजदूरों के माध्यम से दीवार खड़ी करने का काम शुरू कराया गया था। कॉलेज परिसर में इसकी सूचना पहुंचते ही छात्र-छात्राएं एकत्र होकर मौके पर पहुंचे। छात्रों ने निर्माण का विरोध करते हुए वहां बनाई जा रही दीवार को गिरा दिया। इसके बाद निर्माण करा रहे लोग मौके से चले गए।
कॉलेज के प्रिंसिपल महकार सिंह के अनुसार, संबंधित जमीन को लेकर कुछ लोग लंबे समय से दावा कर रहे हैं। बुधवार को अचानक बड़ी संख्या में मजदूरों को बुलाकर निर्माण कार्य शुरू किए जाने के बाद छात्रों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद छात्र मौके पर पहुंचे और निर्माण रुकवा दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। एसीपी रविशंकर मिश्र ने बताया कि जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। प्रकरण राजस्व विभाग के स्तर पर विचाराधीन है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को समझाया।
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक राजस्व विभाग की ओर से जमीन को लेकर कोई निर्णय नहीं हो जाता, तब तक विवादित भूमि पर किसी भी पक्ष की ओर से निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।