यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में किसानों का धरना शुरू, आबादी निस्तारण की मांग पर अड़े ग्रामीण
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (05/10/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के रीलखा गांव में आबादी से जुड़े मामलों के समाधान की मांग को लेकर किसानों ने सोमवार दोपहर धरना शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि उनकी आबादी से संबंधित समस्याओं का अब तक निस्तारण नहीं हुआ है, जबकि संबंधित जमीनों पर निर्माण गतिविधियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने और आबादी का निस्तारण कराने की मांग उठाई है।
किसानों ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे धरना शुरू किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ बिल्डरों द्वारा किसानों की जमीनों पर आबादी का निस्तारण किए बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा है। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
आबादी निस्तारण तक निर्माण कार्य रोकने की मांग
धरने पर बैठे किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि आबादी से जुड़े मामलों का निस्तारण होने तक संबंधित जमीनों पर सभी निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। किसानों का कहना है कि यह मामला लंबे समय से लंबित है और वे कई बार अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई स्थायी राहत नहीं मिली है।
किसान संगठनों का मिला समर्थन
रीलखा गांव में शुरू हुए धरने को विभिन्न किसान संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने बताया कि आने वाले दिनों में धरना स्थल पर एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें कई किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। महापंचायत में आंदोलन की आगामी रणनीति पर भी निर्णय लिया जाएगा।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
किसानों ने साफ किया है कि आबादी निस्तारण उनकी प्रमुख मांग है और इसका समाधान होने तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।फिलहाल रीलखा गांव में किसानों का धरना जारी है और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।