गौतमबुद्ध नगर में किसानों का आंदोलन होगा तेज, सदर-दादरी-जेवर में प्रदर्शन करेगा संघर्ष मोर्चा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (05/10/2026): किसानों, श्रमिकों और युवाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने गौतमबुद्ध नगर में आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। चाई-फोर स्थित संगठन के कार्यालय में राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता ज्ञान सिंह ने की, जबकि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश भाटी ने संचालन किया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। विशेष रूप से मुआवजा, आबादी भूखंड और लीज बैक से जुड़े मामलों के समाधान में हो रही देरी को लेकर संगठन ने नाराजगी जताई।

संगठन के राष्ट्रीय महासचिव आलोक नागर ने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा अब जिले की तीनों तहसीलों—सदर, दादरी और जेवर—में प्रदर्शन करेगा। इन प्रदर्शनों के माध्यम से किसानों और श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही, युवाओं के रोजगार और क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को भी आंदोलन के एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विकास प्रधान ने किसानों से जुड़े 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे, 4 प्रतिशत आबादी भूखंड और लीज बैक सहित अन्य लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाएगा।

बैठक में जिले के चारों प्रमुख प्राधिकरणों—नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना प्राधिकरण और यूपीएसआईडीए—से संबंधित समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन ने इन क्षेत्रों में किसानों और अन्य प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया।

पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा किसानों, श्रमिकों और युवाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर भी जोर दिया। बैठक में बृजेश भाटी, रविंद्र प्रधान, नरेंद्र भाटी, ओमवीर बीडीसी, नासिर प्रधान, राजकुमार रूपवास, संदीप चंदीला, शुभम चेची, मनीष नागर, नीटू गुर्जर, सरोज भाटी, विनोद मलिक, हिमांशु तवर और प्रेम सिंह नगर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।