Greater Noida News (04/10/2026): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हिमाचल-उत्तराखंड सीमा के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों युवक वाहन के अंदर फंस गए।
टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
हादसे के बाद जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला गया और तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में सिरमौर, मुजफ्फरनगर और ग्रेटर नोएडा के युवक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 32 वर्षीय तरसेम सिंह पुत्र अतर सिंह, निवासी शिलाई, जिला सिरमौर; 37 वर्षीय अमित कुमार पुत्र महाकर सिंह, निवासी शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और सोनू पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी नगला हुकम सिंह, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक क्रेटा कार पांवटा साहिब की ओर से आ रही थी। यमुना पुल पर पहुंचने के दौरान कार आगे चल रहे डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया, जिससे उसमें फंसे युवकों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर हुई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।