ऑपरेशन मिलाप में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, 80 लापता लोग परिवारों से मिले

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 October 2026): दिल्ली में दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत सितंबर महीने में 80 लापता लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए लोगों में 22 बच्चे और 58 वयस्क शामिल हैं। 1 से 30 सितंबर के बीच चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और लापता लोगों की जानकारी जुटाकर उन्हें सकुशल बरामद किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद लोगों में कुछ ऐसे भी थे जो लंबे समय से लापता थे। इनमें एक व्यक्ति वर्ष 2021 से, एक नाबालिग वर्ष 2024 से और दो वयस्क वर्ष 2025 से लापता थे। बाकी 76 लोग वर्ष 2026 में लापता हुए थे। गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और ऑटो स्टैंड, ई-रिक्शा स्टैंड, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लापता लोगों की तस्वीरें लगाकर तलाश तेज की।

तलाशी अभियान में दक्षिणी पश्चिमी जिले के कई थानों की टीमें शामिल रहीं। कापसहेड़ा पुलिस ने 16, सागरपुर ने 12, पालम विलेज ने 10 और एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने 10 लापता लोगों को बरामद किया। इसके अलावा वसंत कुंज साउथ से सात, सरोजिनी नगर और किशनगढ़ से छह-छह, आरके पुरम और सफदरजंग एन्क्लेव से चार-चार तथा साउथ कैंपस से दो और वसंत कुंज नॉर्थ से तीन लोगों को तलाशा गया। पुलिस ने लापता लोगों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए बस चालकों, कंडक्टरों और स्थानीय वेंडरों से भी पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश का अभियान लगातार जारी है। 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस कुल 1,229 लापता लोगों का पता लगा चुकी है, जिनमें 318 बच्चे और 911 वयस्क शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद तकनीकी जांच, सीसीटीवी और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाने जैसे तरीकों के जरिए तलाश को तेज किया जा रहा है, ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।