छठ-दिवाली पर बिहार जाने वालों को राहत, दिल्ली सरकार शुरू करेगी अंतरराज्यीय बस सेवा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 October 2026): दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिल्ली से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों के समय ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कंफर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। परिवहन विभाग की योजना के तहत शुरुआती चरण में दिल्ली से बिहार के 2 से 3 प्रमुख मार्गों पर सीधी बसें चलाने की तैयारी है। यात्रियों की मांग और सेवा के अनुभव के आधार पर आगे अन्य शहरों को भी बस नेटवर्क से जोड़ा जा सकता है।
दिल्ली से बिहार (Delhi To Bihar) के बीच फिलहाल मुख्य रूप से निजी बसों का संचालन होता है और सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। सरकार की योजना के तहत तय नियमों और मानकों के आधार पर निजी बस संचालकों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। दिल्ली परिवहन विभाग ने अगस्त में दिल्ली और बिहार के बीच 10 वर्ष की अवधि वाले पारस्परिक परिवहन समझौते का मसौदा तैयार किया था। इसमें पटना, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत बिहार के प्रमुख शहरों को जोड़ने वाले 18 संभावित मार्गों की पहचान की गई है।
दिल्ली से बिहार जाने वाली बसें उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेंगी। प्रस्तावित रूट में नोएडा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों को भी जोड़ा जा सकता है। इसके अलावा दिल्ली सरकार पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी बस कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। यात्रियों की सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए बसों के लिए स्वच्छ ईंधन और निर्धारित उत्सर्जन मानकों का पालन अनिवार्य किए जाने की तैयारी है। संभावित विकल्पों में CNG और BS-VI या उससे उच्च मानक वाली डीजल बसें शामिल हैं।
अभी इस योजना के तहत अंतिम मार्ग, किराया और परिचालन की शर्तें तय नहीं हुई हैं। परिवहन विभाग की विशेष समिति इन सभी पहलुओं पर काम कर रही है। दिल्ली परिवहन निगम के पास फिलहाल मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिनका इतने लंबे अंतरराज्यीय रूट पर संचालन व्यावहारिक नहीं माना जा रहा है। ऐसे में सरकार खुद बसें उपलब्ध कराएगी या निजी एजेंसी के साथ समझौता कर सेवा शुरू करेगी, इस पर भी फैसला होना बाकी है। समिति की अंतिम रिपोर्ट के बाद सरकार दिवाली और छठ से पहले शुरू किए जाने वाले शुरुआती रूट और किराए की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।