New Delhi News (02 अक्टूबर 2026): भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत तथा प्राचीन भारतीय वैज्ञानिक उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राचार्य एवं रसायन विज्ञान की प्राध्यापिका प्रो. रूबी मिश्रा को बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित पंचम वैश्विक संस्कृत सम्मेलन–2026 में “अंतरराष्ट्रीय संस्कृत रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया।
यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 28 से 30 सितंबर 2026 तक सिल्पकोर्न विश्वविद्यालय, बैंकॉक में ग्लोबल संस्कृत फोरम, संस्कृत अध्ययन केंद्र तथा थाई-भारत सांस्कृतिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। सम्मेलन का केंद्रीय विषय “भारतीय ज्ञान प्रणाली: संस्कृतियों एवं ज्ञान-परंपराओं के बीच सेतु” था।
प्रो. मिश्रा ने वैश्विक मंच पर भारतीय ज्ञान प्रणाली के वैज्ञानिक पक्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्कृत ग्रंथ केवल आध्यात्मिक एवं साहित्यिक धरोहर नहीं हैं, बल्कि उनमें रसायन विज्ञान, धातु विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक रंगों तथा टिकाऊ जीवन-पद्धति से संबंधित समृद्ध ज्ञान भी निहित है। इन ग्रंथों में उपलब्ध वैज्ञानिक ज्ञान को आधुनिक संदर्भों में समझना, शोध से जोड़ना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 ने भारतीय ज्ञान प्रणाली को मुख्यधारा की शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल-आधारित अध्ययन से जोड़ने का ऐतिहासिक अवसर प्रदान किया है। मातृभाषा में शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम, बहुविषयक दृष्टिकोण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रमों में समाहित करना विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेगा।
प्रो. मिश्रा ने भारत और थाईलैंड के सांस्कृत संबंधों, रामायण परंपरा, मंदिर स्थापत्य और पारंपरिक ज्ञान-विज्ञान का भी उल्लेख किया। यह सम्मान संस्कृत, भारतीय संस्कृति एवं वैज्ञानिक विरासत के वैश्विक प्रचार-प्रसार के प्रति उनकी दीर्घकालीन प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।