दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का दिवाली गिफ्ट, प्रमुख सड़कों पर बढ़ेगी रोशनी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/10/2026): दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों को रोशन करने की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर में रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के लिए तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है। इन कार्यों पर करीब 6.46 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल के मुताबिक, कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 9 मीटर ऊंचे डबल और सिंगल विंग के 108 पोल लगाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1.75 करोड़ रुपये है।
इसी तरह गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौड़ सिटी अंडरपास और खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी तक लगभग 4 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 217 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य पर करीब 98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। नई रोशनी व्यवस्था से आसपास की आवासीय सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा एंट्री प्वाइंट के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति रोटरी तक करीब 130 मीटर चौड़ी सड़क पर 9 मीटर ऊंचे कोनिकल आर्च पोल लगाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना पर करीब 3.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए ई-निविदा जारी की जा चुकी है और 28 सितंबर 2026 को प्री-बिड बैठक भी आयोजित की गई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि नई स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद इन प्रमुख मार्गों पर रात के समय रोशनी बेहतर होगी और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
दिवाली से पहले इन मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने की यह पहल शहर की प्रमुख सड़कों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।