बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (18 फरवरी 2025): सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के सलारपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। 101 मेट्रो स्टेशन के पास बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान संभल जिले के बघूरा कटियाखेड़ा गांव निवासी 27 वर्षीय रूप किशोर के रूप में हुई है। वह नोएडा के छलैरा इलाके में रहता था और मजदूरी का काम करता था। घटना के दिन वह अपने साथी मजदूर ब्रजपाल और रामकिशन के साथ बेसमेंट की खुदाई और मिट्टी हटाने का काम कर रहा था। इस दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और रूप किशोर उसके नीचे दब गया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम कराने वाला ठेकेदार मजदूरों के विरोध के बावजूद गहराई में खुदाई करवा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। ब्रजपाल और रामकिशन को हल्की चोटें आई हैं और उनका प्राथमिक उपचार किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों या किसी अन्य पक्ष से शिकायत मिलती है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।