श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के ‘मुख्यमंत्री श्री स्कूल’ का किया दौरा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (30 September 2026): श्रीलंका से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा से मुलाकात की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल सरोजिनी नगर स्थित दिल्ली सरकार के ‘मुख्यमंत्री श्री स्कूल’ पहुंचा, जहां उसने दिल्ली के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे बदलावों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को समझने का प्रयास किया।

प्रतिनिधिमंडल में एम. टिलविन सिल्वा, चंद्रिका अधिकारी, अबूबकर अथांबावा, कबिलन सुंदरमूर्ति और बी.आर.के. मधुभाषिनी समेत कई सदस्य शामिल रहे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान राजनीतिक और सामाजिक विषयों के साथ दिल्ली में शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।

इसके बाद शिक्षा मंत्री आशीष सूद के साथ प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री स्कूल का दौरा किया। यहां प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने स्मार्ट क्लासरूम, स्मार्ट लाइब्रेरी और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्कूल में मौजूद तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के बारे में प्रतिनिधिमंडल को विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना भी की।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि श्रीलंका सरकार की मुख्य गठबंधन पार्टी जेवीपी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल भारत के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर राजनीतिक और सामाजिक विषयों को समझ रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीलंका सरकार वर्ष 2027 से अपनी नई शिक्षा नीति पर काम करने की तैयारी कर रही है। इसी सिलसिले में प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और आधुनिक व्यवस्थाओं को देखने की इच्छा जताई थी, जिसके तहत उसे मुख्यमंत्री श्री स्कूल का दौरा कराया गया।

आशीष सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली के एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक लर्निंग सुविधाओं और छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने से जुड़ी पहलों से अवगत कराया गया। दौरे के दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीक से लैस कक्षाओं और छात्र-केंद्रित लर्निंग पर किए जा रहे प्रयासों को प्रस्तुत किया गया। दिल्ली सरकार के मुताबिक, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक आधारित शिक्षा के जरिए विद्यार्थियों के सीखने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।