UPITS 2026: कथक की प्रस्तुति से सजा यूपी टूरिज्म पवेलियन, अनु सिन्हा ने युवा कलाकारों संग बिखेरा नृत्य का रंग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (30/09/2026): इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show 2026) के दौरान उत्तर प्रदेश टूरिज्म पवेलियन में व्यापार, उद्योग और निवेश के साथ प्रदेश की कला एवं संस्कृति की भी जीवंत झलक देखने को मिली। इसी क्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जानी-मानी कथक नृत्यांगना अनु सिन्हा ने युवा कलाकारों के साथ कथक की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में अनु सिन्हा ने युवा कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहद खूबसूरती और आत्मविश्वास के साथ नृत्य करते देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि प्रस्तुति के दौरान बच्चों का नृत्य देखकर वह खुद को उनके साथ प्रस्तुति देने से रोक नहीं पाईं और मंच पर उनके साथ शामिल हो गईं।

उन्होंने बताया कि जिस ठुमरी पर युवा कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे, वह उनके गुरुजी की रचना है। उसी संगीत पर बच्चों द्वारा कथक की प्रस्तुति दी जा रही थी, जिसे देखकर उनके लिए उनके साथ मंच साझा करना एक स्वाभाविक और भावुक क्षण बन गया।

गुरु के सामने शिष्यों को मिला विशेष अवसर

बच्चों को कथक का प्रशिक्षण देने वाले रहमान सर ने बताया कि उन्होंने जिन बच्चों को इसी ठुमरी पर नृत्य सिखाया था, उन्हें उसी रचना की मूल कलाकार अनु सिन्हा के सामने प्रस्तुति देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए यह बेहद खास और गर्व का क्षण था कि अनु सिन्हा ने न केवल उनकी प्रस्तुति देखी, बल्कि उनकी सराहना भी की।

कार्यक्रम से जुड़े संस्था के निदेशक, तबला वादक एवं गायक प्रभाकर देशमुख ने भी इस अवसर को बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अनु सिन्हा जैसी प्रतिष्ठित कलाकार की मौजूदगी में बच्चों को प्रस्तुति देने का अवसर मिलना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव है। प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

बड़े मंच पर प्रतिभा दिखाने का मिला मौका

कार्यक्रम से जुड़े कलाकारों ने बताया कि इस सांस्कृतिक आयोजन में स्कूल के बच्चों के साथ संस्था और इंस्टीट्यूट से जुड़े विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। बच्चों के लिए खास बात यह रही कि उन्हें उसी ठुमरी पर प्रस्तुति देने का अवसर मिला, जिससे अनु सिन्हा स्वयं जुड़ी हुई हैं।

आयोजकों के अनुसार, इन बच्चों को इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिल चुका है। ऐसे मंच बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

‘बच्चों के साथ नृत्य करने का मन करता है’: अनु सिन्हा

अनु सिन्हा ने बच्चों के साथ मंच साझा करने के अनुभव को यादगार बताते हुए कहा कि बच्चे बेहद सहज और स्पॉन्टेनियस होते हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने में विश्वास रखती हैं और जब वह बच्चों को पूरे उत्साह के साथ नृत्य करते हुए देखती हैं तो उनके साथ कुछ प्रस्तुत करने की इच्छा स्वतः होती है।

उन्होंने सभी युवा कलाकारों की प्रस्तुति की प्रशंसा की और इसे अपने लिए भी भावनात्मक एवं विशेष अनुभव बताया।

UP International Trade Show 2026 में व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों के साथ उत्तर प्रदेश की लोक परंपराओं, शास्त्रीय कलाओं, संस्कृति और प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया गया। इससे आयोजन में आने वाले दर्शकों और प्रतिभागियों को प्रदेश की आर्थिक क्षमता के साथ उसकी सांस्कृतिक समृद्धि से भी रूबरू होने का अवसर मिला।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।