ITS डेंटल कॉलेज में डेंटल माइक्रोस्कोप के एर्गोनॉमिक उपयोग पर कार्यशाला आयोजित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (29 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर में पीरियोडोंटिक्स विभाग की ओर से आधुनिक दंत चिकित्सा में तकनीकी दक्षता और चिकित्सकीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘वर्कशॉप ऑन डेंटल माइक्रोस्कोप एर्गोनॉमिक्स’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न दंत चिकित्सा महाविद्यालयों के विभागाध्यक्षों और विद्यार्थियों सहित लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दंत चिकित्सकों और विद्यार्थियों को डेंटल माइक्रोस्कोप के तकनीकी उपयोग के साथ-साथ इसके सही एर्गोनॉमिक इस्तेमाल के बारे में जानकारी देना था। इसमें बताया गया कि आधुनिक उपकरणों का प्रभावी उपयोग करने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ वैज्ञानिक कार्यप्रणाली और सही शारीरिक मुद्रा का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

डॉ. कुणाल धिंगरा ने दी माइक्रोस्कोप के उपयोग की जानकारी

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दंत चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र के डॉ. कुणाल धिंगरा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को सर्जिकल माइक्रोस्कोप का परिचय देते हुए इसके विभिन्न उपयोगों और फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. धिंगरा ने मरीज की उचित स्थिति, माइक्रोस्कोप के प्रभावी उपयोग और बेहतर कार्यकुशलता के लिए आवश्यक एर्गोनॉमिक दिशा-निर्देशों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि माइक्रोस्कोप की सहायता से उपचार के दौरान दंत चिकित्सक सूक्ष्म संरचनाओं को अधिक स्पष्टता से देख सकते हैं। इसके साथ ही, सही कार्य मुद्रा अपनाने से लंबे समय तक क्लिनिकल कार्य करने के दौरान होने वाले शारीरिक तनाव को कम करने में मदद मिलती है।

आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण पर दिया जोर

संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने कहा कि आधुनिक दंत चिकित्सा में तकनीक आधारित प्रशिक्षण की भूमिका लगातार बढ़ रही है। विद्यार्थियों और चिकित्सकों के लिए आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ उनके वैज्ञानिक एवं एर्गोनॉमिक उपयोग की जानकारी होना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं चिकित्सकों की क्लिनिकल दक्षता बढ़ाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने विभाग को दी बधाई

आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए पीरियोडोंटिक्स विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों और चिकित्सकों को आधुनिक दंत चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों से परिचित कराने के लिए लगातार शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को डेंटल माइक्रोस्कोप के व्यावहारिक उपयोग और एर्गोनॉमिक सिद्धांतों की जानकारी मिली, जो उनके पेशेवर कौशल को विकसित करने में सहायक होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।