UPITS 2026 में छाया UP Police का हाईटेक अंदाज, विदेशी मेहमानों से लेकर युवाओं तक दिखा Smart Policing का क्रेज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (27 September 2026): यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस का हाईटेक स्टॉल देश-विदेश से आए विजिटर्स के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हॉल नंबर-4 में लगाए गए पुलिस के स्टॉल पर पिछले तीन दिनों में 15 हजार से अधिक लोगों ने विजिट किया। विदेशी मेहमानों से लेकर देश के अलग-अलग राज्यों के विजिटर्स और युवाओं ने यूपी पुलिस की स्मार्ट पुलिसिंग, आधुनिक तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था को करीब से समझा।

स्टॉल पर साइबर हेल्प डेस्क में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। यू-फीड मशीन के जरिए अपराधियों के मोबाइल से डाटा निकालने की प्रक्रिया ने युवाओं की खास दिलचस्पी बढ़ाई। टेलीग्राम और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाली ठगी को लेकर भी लोगों ने पुलिसकर्मियों से सवाल पूछे।

वहीं, स्पीड राडार गन, ब्रीद एनालाइजर, बॉडी वार्म कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसे उपकरणों ने भी विजिटर्स का ध्यान खींचा। डीजी डायल 112 विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 से ब्रीद एनालाइजर मशीनों में कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सके।

रॉकेट लॉन्चर और रेस्क्यू रोबोट बने आकर्षण

यूपी पुलिस के एटीएस और एसटीएफ से जुड़े अत्याधुनिक हथियारों को देखने के लिए भी युवाओं में खास उत्साह नजर आया। डीजी डायल 112 ने बताया कि यूपी पुलिस के पास अत्याधुनिक स्नाइपर राइफल्स, क्लोज क्वार्टर बैटल उपकरण, सामरिक संचार प्रणाली और बम निरोधक उपकरण मौजूद हैं। डीआरडीओ निर्मित रॉकेट लॉन्चर ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा फायर फाइटिंग रोबोट और रेस्क्यू रोबोट को देखकर विजिटर्स ने पुलिस की तकनीकी क्षमता को समझा।

स्टॉल पर आए छात्रों ने कहा कि उन्होंने पहली बार यूपी पुलिस की आधुनिक तकनीक और उपकरणों को इतने करीब से देखा। एक छात्र अमित ने कहा कि यूपी पुलिस अब केवल अपराध रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक और सुरक्षा के कई क्षेत्रों में आधुनिक संसाधनों के साथ काम कर रही है।

साइबर सुरक्षा से महिला सुरक्षा तक स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर

यूपी पुलिस के स्टॉल पर थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, साइबर अपराध के लिए विशेष प्रकोष्ठ, महिला सुरक्षा के लिए 1090 विमेन पावर लाइन, पिंक बूथ और मिशन शक्ति जैसी पहलों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। सीसीटीवी नेटवर्क, आईटीएस और फोरेंसिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ संगठित अपराध पर कार्रवाई की व्यवस्था को भी प्रदर्शित किया गया है।

UPITS-2026 में यूपी पुलिस का यह स्टॉल केवल आधुनिक उपकरणों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में पुलिसिंग में आए तकनीकी बदलाव और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रयासों को भी विजिटर्स के सामने प्रस्तुत कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।