New Delhi News (27 September 2026): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है। बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
सफदरजंग में 29.2 डिग्री तापमान
शनिवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है। राजधानी के अन्य इलाकों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली। पालम में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 3.2 डिग्री कम रहा। लोधी रोड समेत कई अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
हल्की बारिश से बदला मौसम
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को सफदरजंग में दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इसी अवधि में लोधी रोड पर 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। IMD के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दिनभर राजधानी के अधिकांश हिस्सों में आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहा और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार रात भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई थी। रविवार को भी मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
AQI संतोषजनक श्रेणी में
बारिश के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी शनिवार को संतोषजनक श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 72 दर्ज किया गया। यह शुक्रवार के 78 के मुकाबले कम रहा। तापमान में गिरावट और बारिश के बीच लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास हुआ है, जबकि अगले दिन भी तापमान अपेक्षाकृत कम रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।