गोधन दीपावली महोत्सव 2026: गोसंवर्धन से रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (27 सितंबर 2026): गोसंवर्धन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय गोधन दीपावली महोत्सव 2026 का आयोजन 1 से 7 नवंबर तक दिल्ली हाट, जनकपुरी में किया जाएगा। महोत्सव में देशभर की गौशालाओं के प्राकृतिक एवं गो-आधारित उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसकी घोषणा नई दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू स्थित एमपी क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में की गई।
प्रेस वार्ता में असम के पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, भारतीय किसान संघ के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा, अशोक सचदेवा और पूर्व विधायक मदन लाल सहित विभिन्न सामाजिक एवं किसान संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. जगदीश मुखी ने गोसंवर्धन को भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसे व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट, प्रदूषण और रासायनिक खेती से उत्पन्न चुनौतियों के बीच गौ-आधारित प्राकृतिक जीवनशैली एक विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने गौ-धन के संरक्षण और उसके उपयोग को लेकर समाज के सभी वर्गों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय गोधन महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक विजय खुराना ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य गौशालाओं को केवल संरक्षण केंद्र तक सीमित न रखकर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार सृजन करने वाली आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव भारतीय परंपरा, संस्कृति, स्वदेशी उत्पादों, प्राकृतिक जीवनशैली और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का एक व्यापक मंच बनेगा।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों की गौशालाओं, गोसेवकों और संस्थाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक एवं गो-आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें गोबर और गोमूत्र से बने उत्पाद, पंचगव्य, जैविक खाद तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पाद प्रमुख होंगे। इसके माध्यम से गौशालाओं के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
खुराना ने बताया कि देश में लगभग 22 हजार गौशालाएं हैं। इन्हें स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़कर ग्रामीण रोजगार और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है। महोत्सव में आधुनिक तकनीक के माध्यम से गौशालाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के विभिन्न मॉडल भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
राष्ट्रीय गोधन महासंघ की ओर से आयोजित इस महोत्सव को दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली सरकार, काउजोन और सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, दिल्ली का सहयोग प्राप्त है। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम ने आयोजन के लिए दिल्ली हाट, जनकपुरी को स्थल के रूप में उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी है।
महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को प्रमुख आधार बनाया गया है। इसके साथ ही 7 नवंबर 1966 को संसद मार्ग पर हुए गोसंरक्षण आंदोलन में जान गंवाने वाले संतों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।
आयोजकों ने देशभर के गौसेवकों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों से महोत्सव में भाग लेने की अपील की है। उनका मानना है कि इस आयोजन के माध्यम से गोसंवर्धन, स्वदेशी उत्पादों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नया मंच मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।