दिल्ली में खुला NCR का सबसे बड़ा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, बुराड़ी में सालाना 1 लाख वाहनों की होगी जांच
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (26 सितंबर 2026): दिल्ली के वाहन चालकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हुई है। बुराड़ी में NCR का सबसे बड़ा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) शनिवार से संचालित हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया। पांच लेन वाले इस केंद्र में हर साल करीब 1 लाख वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी, जिसमें 40 हजार भारी और 60 हजार हल्के मोटर वाहन शामिल हैं। इससे वाहन मालिकों को फिटनेस जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बुराड़ी ATS में वाहनों की फिटनेस जांच स्वचालित और वैज्ञानिक प्रक्रिया के जरिए की जाएगी। जांच के दौरान ब्रेक की क्षमता, सस्पेंशन, हेडलाइट, साइड-स्लिप, उत्सर्जन स्तर और वाहन के निचले हिस्से समेत कई मानकों को परखा जाएगा। सरकार के मुताबिक, ऑटोमेटेड व्यवस्था से फिटनेस जांच में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा और निर्धारित प्रदूषण मानकों के पालन पर भी निगरानी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल सर्दियों के दौरान किए जाने वाले उपाय पर्याप्त नहीं हैं और इसे पूरे साल चलने वाली प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। परिवहन मंत्री के अनुसार, नंद नगरी, तेखखंड और बुराड़ी में ATS शुरू होने के बाद दिल्ली में स्वचालित वाहन फिटनेस जांच की सालाना क्षमता 2.5 लाख से अधिक हो गई है। इससे खासतौर पर व्यावसायिक वाहनों को आधुनिक फिटनेस जांच की सुविधा मिलेगी और बुराड़ी केंद्र के शुरू होने से उत्तर दिल्ली में भी यह व्यवस्था विस्तारित हुई है।
सरकार अब PUC यानी प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की व्यवस्था को भी तकनीक आधारित बनाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एक अक्टूबर से वैध PUC प्रमाणपत्र से जुड़ी प्रवर्तन व्यवस्था लागू की जाएगी और PUC केंद्रों की निगरानी को भी मजबूत किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि PUC प्रमाणपत्र केवल कागजी प्रक्रिया न रहकर वाहनों के वास्तविक उत्सर्जन स्तर की प्रभावी निगरानी का माध्यम बने।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।