New Delhi News (10 November 2026): राजधानी दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी इलाके संसद मार्ग में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में बम रखे होने की सूचना मिली। संसद भवन के नजदीक बैंक को धमकी मिलने की खबर से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बैंक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद राहत की खबर सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को बैंक परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद धमकी भरी कॉल को फर्जी यानी होक्स कॉल घोषित कर दिया गया।
दमकल विभाग के अधिकारी राजेंद्र अटवाल के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11 बजकर 35 मिनट पर कंट्रोल रूम को बैंक परिसर में बम रखे होने की धमकी मिलने की कॉल प्राप्त हुई थी। संसद मार्ग संवेदनशील क्षेत्र होने और संसद भवन के नजदीक स्थित होने के कारण सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की टीम और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) को तत्काल मौके पर भेजा गया। दमकल विभाग की टीम वाटर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे मामले को गंभीरता से लिया और बैंक परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर बैंक को तत्काल खाली कराया गया और आसपास के इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई। लीडिंग फायरमैन राम नरेश के नेतृत्व में राहत एवं सुरक्षा टीमें मौके पर तैनात रहीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से बैंक के अंदर और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। करीब दो घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है। इसके बाद धमकी को फर्जी कॉल घोषित कर दिया गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और अब धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। पुलिस कॉल करने वाले की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियां जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी किसने और किस मकसद से दी थी। गौरतलब है कि इससे पहले राजधानी के कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। अक्टूबर में लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय समेत कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और सतर्कता बढ़ाई थी। अब बैंक को मिली धमकी ने एक बार फिर राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।