गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ महेश शर्मा ने रेनीवेल संख्या – 6 का किया उद्घाटन | Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (17 फरवरी 2025): नोएडा में वर्षों से अक्रियाशील पड़े रेनीवेल संख्या-6 को एक बार फिर से पुनर्जीवित कर दिया गया है। इसका विधिवत उद्घाटन गौतमबुद्ध नगर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा और नोएडा से विधायक पंकज सिंह ने किया। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लोकेश एम. (IAS) भी उपस्थित रहे।

यह रेनीवेल सैक्टर-14ए, नोएडा के सामने स्थित है और पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय पड़ा था, जिससे इस क्षेत्र में जल आपूर्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसे पुनः संचालित करने के लिए भारत सरकार की संस्था वैप्कॉस लिमिटेड से परामर्श लिया गया, जिसके उपरांत रैनीवेल का संपूर्ण सुदृढ़ीकरण कर इसे फिर से कार्यशील बनाया गया।

अब इस रैनीवेल से लगभग 12-14 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) पानी की आपूर्ति संभव हो सकेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस जल स्रोत की टीडीएस (टोटल डिजॉल्व्ड सॉलिड्स) वैल्यू 350-360 के मध्य बनी हुई है, जो इसे उपयोग के योग्य बनाती है।

इस रैनीवेल के पुनः सक्रिय होने से नोएडा के 10 से 12 सेक्टरों में मिश्रित जलापूर्ति संभव हो सकेगी, जिससे हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इसे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जल संरक्षण और कुशल जल प्रबंधन पर भी जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से जल संसाधनों का सतत उपयोग करने और जल बचत के प्रति जागरूक रहने की अपील की। यह पहल नोएडा की जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।