AAP के बाद BJP में सेवा देने को तैयार ओझा सर!, प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 फरवरी, 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन बीजेपी अब तक अपना मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाई है। इस देरी पर AAP नेता अवध ओझा ने बीजेपी पर तंज कसा है। उनका कहना है कि किसी भी नेता में सबसे बड़ा गुण उसका विजन होता है, जिससे समाज को आगे ले जाया जा सके।

“दिल्ली में हम 10 साल से चला रहे थे सरकार”

अवध ओझा ने कहा कि दिल्ली को पिछले 10 वर्षों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आगे बढ़ाने का काम किया गया। उन्होंने बताया कि दुनिया की सबसे बड़ी ताकत ह्यूमन रिसोर्स यानी मानव संसाधन होता है। जिन देशों ने इस क्षेत्र में काम किया, वे आज तरक्की कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल इसी विजन के साथ आगे बढ़े और दिल्ली को एक विकसित राज्य बनाने में योगदान दिया। लेकिन बीजेपी इस विजन को समझने में नाकाम रही है।

“48 सीटों के बाद भी बीजेपी के पास चेहरा नहीं”

अवध ओझा ने कहा कि बीजेपी को दिल्ली में 48 सीटें मिली हैं, लेकिन उनके पास एक भी ऐसा नेता नहीं है, जो मुख्यमंत्री बनने के लिए योग्य हो। उन्होंने सवाल किया कि अगर बीजेपी के पास कोई नीति है तो उसे सामने लाए, अगर कोई चेहरा है तो उसे दिखाए।

“मैं अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार”

अवध ओझा ने यह भी कहा कि उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और 46,000 मतदाताओं ने उन पर विश्वास जताया। उनकी टक्कर में कांग्रेस के पूर्व विधायक की जमानत जब्त हो गई। उन्होंने साफ कहा कि वह पीछे हटने वाले नहीं हैं और देश के हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि अगर बीजेपी खुद मुख्यमंत्री नहीं चुन पा रही है और किसी संकट में है, तो वे अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। अब देखना होगा कि बीजेपी 20 तारीख तक अपने मुख्यमंत्री का नाम घोषित कर पाती है या नहीं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।