UPITS 2026 का भव्य शुभारंभ, गृह मंत्री अमित शाह बोले- निवेश और उद्योग का प्रमुख केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (26सितंबर, 2026): उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यावसायिक और निर्यात क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में पांच दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी खरीदारों और 2,400 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी हो रही है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश को निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन रहा है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।

बेहतर कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर से बदला निवेश का माहौल: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान औद्योगिक निवेश के माहौल में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां प्रदेश को निवेशकों को आकर्षित करने के लिए काफी प्रयास करने पड़ते थे, वहीं आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य बन रहा है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय बेहतर कानून-व्यवस्था, उद्योग अनुकूल नीतियों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को दिया।
उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर, वाहन निर्माण, मेडिकल डिवाइस पार्क और अन्य औद्योगिक परियोजनाएं उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलाव को दर्शाती हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और मेट्रो जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं, जिससे औद्योगिक विकास और निवेश को प्रोत्साहन मिल रहा है।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए बताया कि झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में इसके छह नोड विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना और अमेठी में एके-203 असॉल्ट राइफल निर्माण परियोजना को प्रदेश में रक्षा उत्पादन के विस्तार के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
ओडीओपी से पारंपरिक उत्पादों को मिली वैश्विक पहचान
केंद्रीय गृह मंत्री ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल ने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। भदोही की कालीन, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठकला, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की साड़ियां प्रदेश की पारंपरिक उद्यमशीलता के प्रमुख उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि ओडीओपी के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिला है। इसके साथ ही आगरा का पेठा, मथुरा के पेड़े और मेरठ की गजक जैसे स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अमित शाह ने इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में हुई वृद्धि और देश के रक्षा उत्पादन में विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से भारत उत्पादन, डिजाइन और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।

यूपीआईटीएस पारंपरिक हुनर और आधुनिक तकनीक का संगम: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले चार वर्षों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के नवाचार और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक मंच प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष ट्रेड शो के चौथे संस्करण में 36 हजार वर्ग मीटर के प्रदर्शनी क्षेत्र में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा लगभग डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने जापान, सिंगापुर, बेलारूस, रूस, वियतनाम और ऑस्ट्रिया सहित छह साझेदार देशों के प्रतिनिधियों तथा 90 देशों से आए 600 से अधिक विदेशी खरीदारों का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उद्यमों की क्षमता को पहचानते हुए उन्हें विनिर्माण का केंद्र बनाने की परिकल्पना की गई थी। इसी सोच के तहत ओडीओपी योजना शुरू की गई, जिसने प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आज दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। यूपीआईटीएस के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ ही स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को नए व्यावसायिक अवसर मिल रहे हैं।
ट्रेडिशन, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को एक मंच पर ला रहा यूपीआईटीएस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो परंपरा और तकनीक, विरासत और नवाचार तथा हुनर और बाजार को एक मंच पर लाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्षमता की कभी कमी नहीं रही, बल्कि पारंपरिक हुनर को उचित संसाधन, बाजार और अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता थी।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से प्रदेश में निवेश और कारोबार के नए अवसर पैदा हुए हैं। इन सुविधाओं ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद की है।
मुख्यमंत्री ने पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है, जबकि 75 अन्य उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने के साथ ही कारीगरों और खरीदारों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का माध्यम बन रहा है। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और छोटे उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयों के साथ यूपी अग्रणी: भूपेंद्र चौधरी
प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस वर्ष आयोजन में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों के 2,400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में ई-कॉमर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, फार्मा और वित्त जैसे विषयों पर विशेष नॉलेज सेशन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय उद्यमियों के बीच बी2बी बैठकें भी हो रही हैं।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। इन इकाइयों के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। प्रदेश सरकार ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और प्लेज पार्क योजना के जरिए उद्यमियों को ऋण, प्रशिक्षण और विपणन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अब तक छह लाख से अधिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को लाभ मिल चुका है। इस बार योजना में 14 नई ट्रेड शामिल की गई हैं, जिससे कुल 25 ट्रेडों में प्रशिक्षण और उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने किया विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन
उद्घाटन समारोह के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में लगाए गए विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक प्रदर्शनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पादों, एमएसएमई इकाइयों और औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ (ODOC) पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पारंपरिक व्यंजनों को व्यापक पहचान दिलाना और उन्हें बाजार से जोड़ना है।
इसके साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और नरेंद्र सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, प्राधिकरण तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, आधुनिक उद्योगों, एमएसएमई और निर्यात क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के उद्यमियों को नए बाजारों से जोड़ने के साथ ही निवेश और व्यापार के अवसरों का विस्तार करना है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।