UPITS 2026 में दिखेगी यूपी के अनूठे खानपान की झलक, ‘यूपी का स्वाद’ और ‘खाऊ गली’ होंगे आकर्षण का केंद्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/09/2026): उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी ताकत के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत की जा रही है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित ट्रेड शो के फूड कोर्ट में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों और क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया गया है।

फूड कोर्ट में ‘यूपी का स्वाद’ के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध व्यंजनों को शामिल किया गया है। यहां मोदीनगर की जैन शिकंजी, खुर्जा की खुरचन, मुरादाबाद की मुरादाबादी दाल और बिस्कुट रोटी, नोएडा की गुर्जरी थाली, लखनऊ के गलौटी कबाब, टुंडे कबाब और लखनवी बिरयानी जैसे व्यंजन आगंतुकों के लिए उपलब्ध हैं।

इसी क्रम में वाराणसी का बनारसी पान, टमाटर चाट और कुल्हड़ चाय, कानपुर की दही-जलेबी और समोसा चाट, आगरा का पेठा, बेढ़ई और दालमोट, मथुरा का पेड़ा, प्रयागराज की तहरी, लस्सी और चाट भी फूड कोर्ट में आकर्षण का केंद्र हैं।

पूर्वांचल के स्वाद को भी विशेष स्थान दिया गया है। गोरखपुर का ठेकुआ, बलिया की लिट्टी-चोखा, झांसी का पोहा और बालूशाही, बरेली की आलू टिक्की और सींक कबाब, मेरठ की रेवड़ी और गजक, अयोध्या की गुझिया एवं देसी घी की मिठाइयां, इटावा के मठा के आलू और मुजफ्फरनगर की गजक तथा गन्ने से जुड़े उत्पाद भी यहां प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

‘यूपी की खाऊ गली’ में क्षेत्रीय स्वाद का संगम

ट्रेड शो में ‘यूपी की खाऊ गली’ भी आगंतुकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। इसमें बनारस, कानपुर, प्रयागराज, अवध, जौनपुर, लखीमपुर, अलीगढ़, आगरा, मुरादाबाद, खुर्जा, नोएडा, बरेली, गाजियाबाद, बलिया, गोरखपुर और गाजीपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के खानपान की झलक देखने को मिल रही है।

इस पहल के माध्यम से प्रदेश की स्थानीय खानपान परंपराओं को बड़े मंच पर पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों और उनसे जुड़े कारोबार को भी व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

ग्रामीण आजीविका समूहों को भी मिला मंच

फूड कोर्ट में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का विशेष फूड स्टॉल भी लगाया गया है। यहां ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार किए जाने वाले व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण आजीविका से जुड़े समूहों को अपने उत्पादों को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

इसके अलावा फूड कोर्ट में डोमिनोज, वॉव मोमोज, सबवे, वॉव चाइना, केवेंटर, चायोस, टैको बेल, केएफसी, बीकानेरवाला, बर्गर किंग, सीजन्स कैफे, डोसा किचन, बिटवीन द ब्रेड, बरिस्ता कॉफी, फैट रोल और फ्रूट जूस बार सहित विभिन्न लोकप्रिय खाद्य प्रतिष्ठानों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।

इस तरह UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश की पारंपरिक रसोई से लेकर आधुनिक फूड ब्रांड तक, खानपान की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिल रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।