UPITS 2026 से उत्तर प्रदेश के व्यापार और ODOP को मिलेगा बढ़ावा: YK Gupta, Pro Chancellor, Sharda University
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (25 September 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार, 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, विकास की रफ्तार और प्रदेश में बदलते कारोबारी माहौल का उल्लेख किया। ट्रेड शो में देश-विदेश के कारोबारी और उद्योग जगत से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं।
टेन न्यूज़ नेटवर्क से विशेष बातचीत में शारदा यूनिवर्सिटी के प्रो. चांसलर वाई.के.गुप्ता ने कहा कि UPITS का यह चौथा संस्करण है और यह उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में 90 से अधिक देशों की भागीदारी की बात सामने आई है, जिससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। खास तौर पर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत तैयार किए जा रहे उत्पादों के लिए यह आयोजन बेहद लाभकारी साबित हो सकता है।
वाई.के. गुप्ता ने कहा कि शारदा यूनिवर्सिटी इंडिया एक्सपो मार्ट से महज पांच मिनट की दूरी पर है, इसलिए विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए भी यह आयोजन सीखने और नए अवसरों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को यहां व्यापार, उद्योग और नई तकनीकों को करीब से देखने का मौका मिलेगा, जिससे वे भविष्य में अपने कौशल और उद्यमिता को आगे बढ़ा सकेंगे। उनके मुताबिक इस तरह के आयोजन युवाओं को कारोबारी दुनिया की बदलती जरूरतों को समझने में मदद करते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ट्रेड शो का उद्घाटन किए जाने से यहां भाग लेने वाले व्यापारियों और खरीदारों को एक बड़ा मंच मिला है। इस मंच के जरिए व्यापारी अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ नए बाजार और कारोबारी साझेदार तलाश सकते हैं।
शारदा यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से व्यापारियों को सहयोग मिलने से प्रदेश के कारोबार को और गति मिल सकती है और ऐसे आयोजन उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भी योगदान दे सकते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।