यूपी में बदले माहौल का असर, अब निवेशकों के लिए भरोसे का केंद्र बना प्रदेश: गृह मंत्री अमित शाह | UPITS 2026 उद्घाटन समारोह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/09/2026): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में शुक्रवार, 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने गोल्फ कार्ट से एक्सपो परिसर का दौरा किया और विभिन्न स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी ली।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में निवेश और व्यापार के बदलते माहौल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए निवेशक उत्तर प्रदेश आने से भी आशंकित रहते थे। उन्होंने वर्ष 2013 में दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर्स कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय निवेश से जुड़े आयोजनों के लिए भी दिल्ली को स्थान बनाना पड़ा था। शाह के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण की ओर बढ़ चुका है और नोएडा, काशी तथा झांसी जैसे शहरों में भी बड़े स्तर के आयोजन हो रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान निवेश को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश में 2,400 से अधिक एमओयू हुए हैं और इनके माध्यम से हजारों करोड़ रुपये के निवेश की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, किसी भी राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए मजबूत कानून-व्यवस्था, पर्याप्त भूमि, कुशल मानव संसाधन और उद्योगों के अनुकूल वातावरण महत्वपूर्ण आधार होते हैं।
गृह मंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की पिछली कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफियाओं का प्रभाव था, जबकि मौजूदा समय में भाजपा सरकार ने प्रदेशभर में माफिया गतिविधियों पर कार्रवाई की है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार को निवेश के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि आज प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए बेहतर परिस्थितियां तैयार की गई हैं।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और मेक इन इंडिया से जोड़ा ट्रेड शो
अमित शाह ने 25 सितंबर के दिन को विशेष बताते हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से जोड़ा। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने मुक्त व्यापार और मुक्त खेती की अवधारणा पर विचार दिया था। उनके अनुसार, आगे चलकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की व्यापार संबंधी नीतियों को भी इस विचारधारा से दिशा मिली।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस आयोजन का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि 25 सितंबर 2026 को मेक इन इंडिया मिशन की घोषणा के 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को मेक इन इंडिया की भावना को आगे बढ़ाने वाला मंच बताया। उन्होंने इस पूरे संयोग को ‘मणि-कांचन योग’ की संज्ञा दी।
2,500 से अधिक स्टॉल, 85 देशों से 600 से ज्यादा खरीदारों की उम्मीद
25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में इस बार 2,500 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस पार्टनर देशों के रूप में भाग ले रहे हैं। आयोजन में 85 देशों से 600 से अधिक खरीदारों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, डिफेंस, आईटी और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां भी भाग ले रही हैं। आयोजकों को इस संस्करण से करीब 2 लाख करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ से दिखेगी यूपी की खान-पान की विविधता
ट्रेड शो में प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता के साथ स्थानीय संस्कृति और खान-पान को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ पहल के तहत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य संस्कृति को लोगों के सामने रखा जाएगा।
पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, पूरे ट्रेड शो के दौरान 4.5 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। गृह मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस बार का आयोजन पिछले वर्ष के सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने में सफल होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।