गाजियाबाद में भाजपा नेत्री नाजिया इलाही खान को फिर जान से मारने की धमकी

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (09/11/2026): भाजपा नेत्री और सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने न केवल उनका सिर काटने, बल्कि शरीर के अलग-अलग अंग करने और रेलवे ट्रैक व पुलिस स्टेशन को उड़ाने जैसी बातें भी कही हैं। नाजिया ने इस मामले में इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा बढ़ाने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

नाजिया के मुताबिक, उन्हें धमकी देने वाले ने उनके आसपास अपने लोगों की मौजूदगी का दावा किया है। साथ ही उनके बेटे को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हुनैन राणा की ओर से भी धमकी मिली थी। धमकी देने वाले को उनके घर के पते और वाहन की जानकारी होने का दावा किया गया है। इससे उन्हें और उनके बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब 6 नवंबर की रात गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका हुआ था। बताया गया है कि नाजिया जहां रह रही थीं, वहां से यह चौकी करीब 280 मीटर की दूरी पर है। धमाके की जांच एनआईए और एटीएस कर रही हैं। हालांकि, पुलिस चौकी में हुए धमाके और नाजिया को मिली धमकी के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

नाजिया को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उनके अनुसार, मार्च 2026 में वीडियो के जरिए सिर काटने की धमकी दी गई थी। मई में पाकिस्तानी नंबर से फोन कर खरगोन पहुंचने पर जान से मारने की बात कही गई। जून में पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी धमकियां मिलने का दावा किया गया था। उन्होंने ओंकारेश्वर में अपनी कार पर हमले की बात भी कही है।

नाजिया इलाही खान अपने बयानों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी लगातार चर्चा में रही हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से राजनीतिक शुरुआत की थी। 2018 में तीन तलाक पीड़िता इशरत जहां का मामला लड़ने के बाद वह चर्चा में आईं और बाद में भाजपा में शामिल हो गईं। वह पश्चिम बंगाल में भाजपा की मुस्लिम महिला नेता के रूप में सक्रिय रही हैं। हाल के वर्षों में इस्लाम और धार्मिक मुद्दों पर दिए गए उनके बयानों को लेकर कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए और अलग-अलग राज्यों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं।

नाजिया ने अब मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने की बात भी कही है। उन्होंने बताया कि वह कोलकाता के प्राचीन मां काली मंदिर में धर्म परिवर्तन करेंगी। उनका कहना है कि इसके बाद वह अपने नाम से इलाही खान हटाकर सनातन धर्म से जुड़ा गोत्र अपने नाम के साथ जोड़ेंगी। फिलहाल, ताजा धमकी के बाद उन्होंने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।