ग्रेनो वेस्ट मेट्रो को लेकर बड़ी अपडेट, जानें कब मिलेगी मंजूरी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida West News (23/09/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो कनेक्टिविटी का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को 15 अक्टूबर तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

एनएमआरसी के एमडी कृष्णा करुणेश के अनुसार, इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पिछले महीने प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जा चुकी है। निर्माण के लिए जरूरी सभी एनओसी भी प्राप्त हो गई हैं। अब परियोजना को पीएमओ की स्वीकृति का इंतजार है।

प्रस्तावित कॉरिडोर करीब 7.5 किलोमीटर लंबा होगा और इसका पूरा हिस्सा एलिवेटेड बनाया जाएगा। इस मार्ग पर कुल पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 यानी किसान चौक के आसपास स्टेशन शामिल हैं। परियोजना पर करीब 900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यह कॉरिडोर मौजूदा सेक्टर-51 मेट्रो लाइन का विस्तार होगा, जिससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट को नोएडा मेट्रो नेटवर्क से सीधा जोड़ने में मदद मिलेगी। परियोजना की लागत में केंद्र और राज्य सरकार के साथ नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की भी हिस्सेदारी प्रस्तावित है।

मेट्रो कॉरिडोर को भविष्य में प्रस्तावित गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट आरआरटीएस से भी कनेक्टिविटी मिलने की बात कही गई है। इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यात्रियों के लिए एयरपोर्ट और अन्य शहरों तक पहुंच आसान हो सकती है। एनएमआरसी के अनुमान के मुताबिक, मेट्रो सेवा शुरू होने पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौड़ चौक और नोएडा क्षेत्र के करीब 5 लाख लोगों को इसका लाभ मिल सकता है। फिलहाल इस इलाके में सार्वजनिक परिवहन के लिए बस और ऑटो पर काफी निर्भरता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।