UPITS 2026 को लेकर रूट डायवर्जन, 24 से 29 सितंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/09/2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आयोजन के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में खरीदार, उद्यमी और वीवीआईपी के पहुंचने को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है।

24 से 29 सितंबर तक सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक गौतमबुद्ध नगर जिले में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए मार्ग खुले रहेंगे।

एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए निर्धारित रूट

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड होते हुए तिलपता गोलचक्कर, रामा मिल्क बार के पास सर्विस रोड तिराहा और गलगोटिया से बनी पार्किंग तक पहुंचेंगे। वाहन पार्क करने के बाद एक्सपो मार्ट जा सकेंगे।

सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर से भारत गोलचक्कर और नॉलेज पार्क-2 होते हुए एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। वहीं, कासना-तिलपता और जीएसटी बंधा की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर से ईस्टर्न कॉरिडोर के पास सर्विस रोड होते हुए जीएसटी बंधे से पार्किंग स्थल तक जाएंगे।

कार्यक्रम के बाद वाहनों के लिए अलग रूट

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वाहनों को पार्किंग स्थल से एक्सपो मार्ट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, वेस्ट-2, ककराला, सोरखा-पर्थला, किसान चौक या मंगरौली, हरौला और सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा।

दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साजीपुर गोलचक्कर, तिलवाड़ा गोलचक्कर और दादरी-इंदिरापुरम होते हुए एनएच-24/9 की ओर जाएंगे।

मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन

चिल्ला बॉर्डर से एनसीआर में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर एनएच-24/9 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर जाएंगे। डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर एनएच-24/9 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से आगे जाएंगे।

कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को यमुना बॉर्डर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली और जेवर टोल की ओर जाने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले अलीगढ़-टप्पल की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि जेवर टोल पार करने के बाद वाहनों को जहांगीरपुर की ओर भेजा जाएगा।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहन नोएडा लिंक चौक से सिरसा गोलचक्कर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर निकलेंगे।

ट्रेड शो की प्रदर्शनी सामग्री वाले ट्रकों के लिए पार्किंग

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले भारी ट्रकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। ऐसे ट्रक शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साजीपुर गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर तथा रामपुर-फतेहपुर तिराहे के पास स्थित ट्रक पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।

एक्सप्रेस-वे और एक्सपो मार्ट के आसपास भी बदलेगा ट्रैफिक

विशेष परिस्थितियों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और एक्सपो मार्ट के आसपास के मार्गों पर थोड़े समय के लिए यातायात डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए 13 वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेस-वे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14 आर फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक और सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। डीएनडी से आने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक, एमपी-01 और डीएससी मार्ग से आगे भेजा जाएगा।

कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, सेक्टर-37 से एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-44 गोलचक्कर से सर्विस रोड और डीएससी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

आगरा से नोएडा आने वाले वाहनों के लिए जेवर टोल और कस्बा जेवर के रास्ते सावौता अंडरपास, खुर्जा बाइपास और पहाड़ीपुर का रूट निर्धारित किया गया है। परीचौक से नोएडा जाने वाले वाहनों को सूरजपुर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सूरजपुर से परीचौक जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं, पी-3 गोलचक्कर से परीचौक और सूरजपुर होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहनों को स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा से नोएडा जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94, महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय की ओर से डीएनडी जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर डीएससी और एलिवेटेड मार्ग से जाने की व्यवस्था की गई है।

दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रजनीगंधा चौक से डीएनडी की ओर जाने वाले वाहन डीएससी मार्ग होते हुए न्यू अशोक नगर बॉर्डर से निकलेंगे, जबकि गोलचक्कर चौक और सेक्टर-14 आर फ्लाईओवर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी चौक से डीएससी मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।