UPITS 2026 Traffic Alert: 24 से 29 सितंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, बदले कई रूट

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/09/2026): ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक UP International Trade Show-2026 का आयोजन होने जा रहा है। ट्रेड शो में बड़ी संख्या में आगंतुकों के साथ विशिष्ट और अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात व्यवस्था जारी की है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपोमार्ट के आसपास के मार्गों पर भारी मालवाहक वाहन (HGV), मध्यम मालवाहक वाहन (MGV) और हल्के मालवाहक वाहन (LGV) के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि, दूध, सब्जियां, फल जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों और चिकित्सीय वाहनों को निर्धारित नो-एंट्री नियमों के तहत छूट दी जाएगी।

एक्सपोमार्ट पहुंचने के लिए इन रूट का करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने एक्सपोमार्ट पहुंचने वाले वाहनों के लिए कई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड होते हुए संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड और एक्यूरेट कॉलेज तिराहा के रास्ते नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। वाहन पार्क करने के बाद लोग एक्सपोमार्ट जा सकेंगे।

इसी तरह एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन गल्गोटिया कट से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक जा सकेंगे।

सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर और शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।

परीचौक की ओर से आने वाले वाहन जगतफार्म गोलचक्कर से ईशान कॉलेज के पास सर्विस रोड और जीएल बजाज की ओर जाने वाले मार्ग से भी नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।

पार्किंग भरने पर इन परिसरों का होगा इस्तेमाल

नासा बड़े गोलचक्कर के अंदर निर्धारित पार्किंग की क्षमता पूरी होने की स्थिति में के.सी.आर.आई., जुबिलिएंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बनाई गई पार्किंग को वैकल्पिक पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।

ट्रेड शो खत्म होने के बाद एक्सपोमार्ट की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्किंग स्थल से किसी भी वाहन को वापस एक्सपोमार्ट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी वाहनों को निर्धारित निकासी मार्गों से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

पार्किंग से निकलने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर और कच्ची सड़क तिराहा होते हुए कुलेसरा, फेस-2, ककराला से सोरखा-पर्थला, किसान चौक या भंगेल-बरौला-सेक्टर-37 की ओर जा सकेंगे।

दिल्ली और गाजियाबाद जाने वालों के लिए रूट

दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर और तिलपता गोलचक्कर होते हुए दादरी जाएंगे। इसके बाद एनएच-24/09 के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जाने वालों के लिए

ईस्टर्न पेरिफेरल जाने वाले वाहनों को शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर और 130 मीटर रोड से सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे के लिए अलग रूट

यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, आसियाना गोलचक्कर, डेल्टा-3, बीटा-2, लेबर चौक, डेल्टा-1, आईटीबीपी गोलचक्कर, पी-3 और आईएफएस विला गोलचक्कर होते हुए जीरो प्वाइंट से यमुना एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे।

मालवाहक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय

ट्रेड शो के दौरान नो-एंट्री से प्रभावित HGV, MGV और LGV वाहनों के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

चिल्ला बॉर्डर से आने वाले मालवाहक वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर एनएच-09/24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे जा सकेंगे।

डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर एनएच-09/24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकेंगे।

कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले वाहनों को एनएच-09/24 होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-91 की ओर भेजा जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए

जेवर टोल की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से अलीगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अलीगढ़ और टप्पल होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

जेवर टोल पार करने के बाद जेवर और जहांगीरपुर की ओर डायवर्जन रहेगा। इसके बाद वाहन खुर्जा और बुलंदशहर के रास्ते आगे जा सकेंगे।

होंडा सीएल चौक से दिल्ली की ओर जाने वाले मालवाहक वाहन सिरसा गोलचक्कर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे जा सकेंगे।

वहीं, सूरजपुर घंटा चौक से परीचौक, यमुना एक्सप्रेसवे या नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को तिलपता गोलचक्कर और सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दूसरे जिलों और राज्यों के वाहनों के लिए भी रूट निर्धारित

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, गौतमबुद्धनगर से गुजरने वाले मालवाहक वाहन नो-एंट्री के प्रावधानों के तहत एनएच-24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकेंगे।

मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरिफेरल के रास्ते आगरा, मथुरा, लखनऊ और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बील अकबरपुर से एनएच-91 का मार्ग निर्धारित किया गया है।

पलवल की ओर से आने वाले और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले वाहनों को एनएच-24/91 के जरिए आगे भेजा जाएगा।

ट्रेड शो की प्रदर्शनी सामग्री वाले ट्रकों के लिए विशेष व्यवस्था

UP International Trade Show की प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। सामग्री उतारने के बाद सभी ट्रकों को नासा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर से रामपुर-फतेहपुर तिराहा के पास स्थित ट्रक पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

इस पार्किंग की क्षमता 260 ट्रकों की बताई गई है। जरूरत पड़ने पर इन्हीं निर्धारित मार्गों से ट्रक एक्सपोमार्ट की ओर वापस आ सकेंगे।

मेट्रो का अधिक इस्तेमाल करने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ट्रेड शो के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें और यात्रा की योजना पहले से बनाएं। वाहन चालकों को पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यातायात संबंधी किसी समस्या या सहायता के लिए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।