नई दिल्ली में 9वां इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे उद्घाटन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 September 20266); नई दिल्ली में आज से 9वें इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक (IIWW) 2026 की शुरुआत होगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पांच दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘क्लाइमेट रेजिलिएंट वाटर मैनेजमेंट’ यानी जलवायु अनुकूल और लचीला जल प्रबंधन रखी गई है। जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार, आयोजन में नीदरलैंड और जर्मनी साझेदार देशों के रूप में हिस्सा लेंगे, जबकि 14 राज्य पार्टनर स्टेट के तौर पर शामिल होंगे।

आयोजन में केंद्र सरकार के छह मंत्रालयों और विभागों को भी पार्टनर मिनिस्ट्री एवं डिपार्टमेंट के रूप में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान जल संसाधनों के बेहतर और टिकाऊ उपयोग, जल सुरक्षा तथा बदलते जलवायु जोखिमों से निपटने को लेकर विभिन्न सत्रों में चर्चा होगी। इसमें समावेशी और समान जल शासन, जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए सहयोग, तकनीक और समुदाय की भूमिका तथा जलवायु से जुड़े जोखिमों के बीच जल प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।

इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक के तहत 25 सितंबर तक चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल जल प्रबंधन से जुड़ी नई तकनीकों, उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा पेयजल और स्वच्छता विभाग की ओर से दूसरी इंटरनेशनल WASH कॉन्फ्रेंस 2026 भी आयोजित होगी। सम्मेलन में पेयजल की पहुंच, स्वच्छता ढांचे, स्वच्छता संबंधी व्यवहार और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में जल क्षेत्र के लिए नए वित्तीय मॉडल, जल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, टिकाऊ जल संसाधन प्रबंधन और लोगों तथा पर्यावरण के लिए जल की उपलब्धता जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। मंत्रालय के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य जल सुरक्षा के लिए तकनीक, समुदाय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना तथा जलवायु परिवर्तन के दौर में टिकाऊ जल प्रबंधन के लिए व्यावहारिक और व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधानों पर मंथन करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।