NDMC परिषद बैठक में बुनियादी ढांचे और नागरिक सेवाओं से जुड़े कई प्रस्ताव मंजूर, EV पार्किंग पर 50% छूट
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (22 सितंबर 2026) नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की परिषद बैठक मंगलवार को पालिका केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक में नागरिक सुविधाओं, शहरी बुनियादी ढांचे, पानी एवं सीवरेज, सड़क और स्ट्रीट लाइट, इलेक्ट्रिक वाहन, कचरा प्रबंधन, पार्किंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और मानव संसाधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई तथा विभिन्न योजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक की शुरुआत में दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने NDMC के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी को पद एवं भारत के संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
बैठक में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, NDMC उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, विधायक एवं परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह कादियान, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि और सरिता तोमर तथा NDMC सचिव राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद NDMC कन्वेंशन सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, वित्तीय सलाहकार, परिषद सदस्य, सचिव और विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।
अंधेरे वाले स्थानों पर लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि NDMC क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी वाले स्थानों के साथ-साथ कई ऐसे क्षेत्र भी हैं जहां रात के समय प्रकाश की कमी रहती है। ऐसे स्थानों पर नई ऑक्टागोनल स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
इन लाइट पोल की ऊंचाई 6, 8 और 11 मीटर होगी। परियोजना में पोल की नींव, केबल बिछाने और अर्थिंग का काम भी शामिल है। इस कार्य के लिए ₹18.26 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इलेक्ट्रिक वाहनों को पार्किंग शुल्क में 50% छूट
स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए NDMC के सभी पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों को पार्किंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया गया है।
NDMC के अनुसार इस पहल का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करना, वायु प्रदूषण कम करना और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटाना है।
धोबी घाट के पुराने पानी के बिलों पर एकमुश्त राहत
धोबी घाट के पानी के उपभोक्ताओं के लिए एक बार की विलंब शुल्क माफी योजना को मंजूरी दी गई है। अप्रैल 2026 तक NDMC का लगभग ₹63.52 करोड़ पानी का बकाया बताया गया था।
परिषद ने पुराने बकाया पर लगने वाले विलंब शुल्क (LPSC) में एकमुश्त राहत देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा धोबी घाट के पानी के शुल्क में पहले लागू 2.5 गुना शुल्क को हटाने का फैसला किया गया है। सीवरेज शुल्क पानी के उपयोग शुल्क का 60 प्रतिशत रहेगा।
सरोजिनी नगर में बनेगा 50 बेड का आयुष अस्पताल
सरोजिनी नगर में 50 बेड का आयुष अस्पताल एवं शोध केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। यह परियोजना आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) और NDMC की 50:50 साझेदारी में प्रस्तावित है।
अस्पताल के निर्माण पर लगभग ₹55 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल के संचालन एवं व्यवस्था में NDMC का आयुष विभाग संस्थागत भागीदार रहेगा।
मोती बाग में बनेगा ‘पालिका आदर्श परीक्षा केंद्र’
NDMC द्वारा मोती बाग में आधुनिक Computer Based Test (CBT) Centre स्थापित करने की योजना को भी आगे बढ़ाया गया है। प्रस्तावित केंद्र का नाम ‘पालिका आदर्श परीक्षा केंद्र’ रखा जाएगा।
यहां कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक परीक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ NDMC के लिए आय का एक स्रोत भी विकसित किया जा सकेगा।
स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था की दिशा में कदम
NDMC क्षेत्र में Intelligent Integrated Parking System यानी स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था लागू करने की दिशा में दोबारा RFP आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही पार्किंग शुल्क में बदलाव अथवा संशोधन का प्रस्ताव भी है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोगों को मोबाइल और डिजिटल माध्यम से पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा पार्किंग बुकिंग, भुगतान और नेविगेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है। पूरी व्यवस्था की निगरानी Integrated Command and Control Centre के माध्यम से की जा सकेगी।
कनॉट प्लेस के 7 एस्केलेटर बदले जाएंगे
कनॉट प्लेस सबवे में खराब हो चुके 7 Heavy Duty Outdoor/Public Service Escalators को नए एस्केलेटर से बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
NDMC के अनुसार कनॉट प्लेस के पुनर्विकास के दौरान वर्ष 2010 में कुल 22 एस्केलेटर लगाए गए थे। प्रस्ताव में शामिल सात एस्केलेटर पूरी तरह बंद हो चुके हैं और उनकी मरम्मत के लिए बड़े हिस्सों को बदलना आवश्यक है।
इस कार्य पर ₹6.09 करोड़ खर्च होंगे। इसमें स्थापना के बाद एक वर्ष की वारंटी और पांच वर्ष का CAMC (रखरखाव) शामिल होगा।
NDMC में शुरू होगी स्मार्ट बिजली मीटरिंग
बिजली मीटरिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए NDMC में Advanced Metering Infrastructure (AMI) आधारित स्मार्ट बिजली मीटरिंग लागू की जाएगी।
इसके लिए AMI Service Provider की नियुक्ति DBFOOT मॉडल के तहत की जाएगी। इसका उद्देश्य बिजली मीटरों की निगरानी और मीटरिंग व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाना है।
पानी की सप्लाई व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत
NDMC अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुराने आर.के. आश्रम मार्ग पर नए स्थान पर जल आपूर्ति नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा।
इसके अलावा पंडारा रोड के सब-डिवीजन-III क्षेत्र में पुरानी CI पानी की पाइपलाइन को नई DI पाइपलाइन से बदला जाएगा।
पुरानी सीवरेज लाइन की होगी सफाई और मरम्मत
NDMC क्षेत्र की पुरानी सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सी-हेक्सागन से लोधी रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, गोल्फ कोर्स और सुब्रमण्यम भारती मार्ग तक जाने वाली 2100 मिमी व्यास की RCC सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत की जाएगी।
यह कार्य दो चरणों में किया जाएगा। इससे क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
आधुनिक मशीनों से होगी सीवर की सफाई
सीवर सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए दो नई जेटिंग-कम-सक्शन सीवर सफाई मशीनें खरीदी जाएंगी। इनमें इस्तेमाल किए गए पानी के पुन: उपयोग की सुविधा भी होगी।
इन मशीनों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सात वर्षों तक सुनिश्चित की जाएगी।
ठोस कचरा प्रबंधन के लिए नए उपनियम
NDMC क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ‘नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ठोस कचरा प्रबंधन उपनियम, 2026’ के मसौदे को मंजूरी दी गई है। नए उपनियमों के माध्यम से कचरा प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कर्मचारियों की भर्ती और मानव संसाधन को मिलेगा विस्तार
मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि NDMC में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए विभिन्न पदों और भर्ती नियमों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
इनमें हेड वायरमैन, वायरमैन, एयर कंडीशनिंग ऑपरेटर-कम-मैकेनिक, एयर कंडीशनिंग ऑपरेटर, जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल), सहायक निदेशक (राजभाषा), वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, ऑटो फिटर, सेंट्रीफ्यूगल मिस्त्री, सहायक सुरक्षा पर्यवेक्षक और गृह विज्ञान शिक्षक सहित कई पद शामिल हैं।
इसके अलावा NDMC अटल आदर्श विद्यालयों में विभिन्न विषयों के पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) पदों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बिजली और पानी की बिलिंग सेवा जारी रहेगी
बिजली और पानी की बिलिंग के लिए SAP सॉफ्टवेयर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
बस क्यू शेल्टर के निर्माण और रखरखाव को मंजूरी
NDMC क्षेत्र में बस क्यू शेल्टर (BQS) के पैकेज-I और पैकेज-II के निर्माण, संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। यह कार्य Build, Operate and Transfer (BOT) मॉडल के आधार पर किया जाएगा।
NDCC Phase-II में सुविधा प्रबंधन
NDCC Phase-II के ब्लॉक B और C में मशीनों के माध्यम से सुविधा प्रबंधन एवं रखरखाव सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे भवनों की साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि NDMC का लगातार प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत, आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए। पानी, सीवरेज, स्वच्छता, मानव संसाधन, सार्वजनिक सुविधाओं और नगर सेवाओं से जुड़े इन निर्णयों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
टिप्पणियाँ बंद हैं।