दिल्ली में 50 फीट गहरे सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (11 November 2026): राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके नांगली विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रणहौला थाना क्षेत्र की दास गार्डन कॉलोनी के सामने मंगलवार को चार साल का मासूम इमरान दिल्ली जल बोर्ड के सीवर मैनहोल में गिर गया। हादसे के बाद से ही बच्चे की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 10 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, NDRF, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और BSF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। देर रात तक कई एजेंसियां बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी रहीं।

बच्चे के पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक, मंगलवार दोपहर उनकी पत्नी शाहजहां अपने दोनों बेटों को लेकर पार्क में आई थीं। इसी दौरान सबसे छोटे बेटे इमरान को बाथरूम जाने की जरूरत महसूस हुई। वह नाले के पास बनी चारदीवारी के बगल में पहुंच गया, जहां सीवर के मैनहोल पर फाइबर की सीट रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्चा उस सीट पर बैठा, वह अचानक टूट गई और मासूम सीधे मैनहोल के अंदर जा गिरा। बेटे को सीवर में गिरता देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव के प्रयास शुरू किए गए। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब 3:28 बजे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF और अन्य बचाव एजेंसियों को भी बुलाया गया। जनकपुरी, द्वारका, नजफगढ़, मोती नगर और ज्वालापुरी समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां और कर्मचारी घटनास्थल पर भेजे गए। रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी मशीन समेत अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है। बताया जा रहा है कि सीवर मैनहोल की गहराई करीब 50 फीट है और उसके अंदर पानी भी मौजूद है। वहीं, मैनहोल की चौड़ाई महज दो से ढाई फीट होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीमें लगातार सीवर के अंदर बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।

इस हादसे के बाद इमरान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चे की मां शाहजहां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के लोग किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए घटनास्थल पर मौजूद हैं। पिता खुर्शीद आलम और अन्य परिजन लगातार बच्चे की सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं, बचाव दल की कोशिश है कि सीमित जगह, अधिक गहराई और पानी की मौजूदगी के बावजूद जल्द से जल्द बच्चे का पता लगाया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में खुले सीवर, मैनहोल और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और सभी की निगाहें मासूम इमरान के सुरक्षित बाहर आने पर टिकी हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।