वेरोना हाइट्स के फ्लैट खरीदारों का प्रदर्शन, पजेशन में देरी से बढ़ी आर्थिक और मानसिक परेशानी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida West News (20/09/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लेजर वैली स्थित वेरोना हाइट्स सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों ने रविवार को पजेशन में लगातार हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन किया। सोसाइटी के गेट नंबर-1 पर हुए प्रदर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में खरीदार और उनके परिवार शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और पजेशन को लेकर स्पष्ट एवं लिखित समय-सीमा जारी करने की मांग की।

खरीदारों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पजेशन में देरी के कारण उनकी आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। कई परिवारों के सामने एक साथ बैंक की होम लोन ईएमआई और किराए के मकान का खर्च उठाने की चुनौती बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उन्हें समय-समय पर पजेशन और निर्माण कार्य को लेकर आश्वासन दिए गए, लेकिन मौके पर निर्माण की गति उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। खरीदारों ने संबंधित एजेंसी से परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण की प्रगति को लेकर पारदर्शी जानकारी साझा करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगें उठाईं। उनकी प्रमुख मांगों में निर्माण कार्य में तेजी लाना, पजेशन की स्पष्ट लिखित समय-सीमा जारी करना, निर्माण की प्रगति की नियमित जानकारी उपलब्ध कराना और खरीदारों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करना शामिल रहा।

खरीदारों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से चल रही देरी के कारण परिवारों को आर्थिक दबाव के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रविवार का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और इसका उद्देश्य संबंधित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी तक खरीदारों की समस्याएं पहुंचाना है।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को और व्यापक करने पर विचार करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।