New Delhi News (19/11/2026): श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में बुधवार को ‘भारतीय प्रतिमा विज्ञान : वास्तुशास्त्रीय एवं सामाजिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के वास्तुशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्वान, शिक्षाविद और शोधार्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने की। मुख्य अतिथि के रूप में योजना एवं वास्तुकला विद्यालय, नई दिल्ली के डीन प्रो. पी.एस.एन. राव मौजूद रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी और सारस्वत अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जम्मू परिसर के पूर्व निदेशक प्रो. वासुदेव शर्मा शामिल हुए।
इस दौरान कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने कहा कि भारतीय प्रतिमा विज्ञान केवल कला और सौंदर्य का विषय नहीं है, बल्कि इसमें भारतीय सभ्यता की दार्शनिक, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक सोच समाहित है। प्रतिमाओं के स्वरूप, अनुपात, मुद्रा और प्रतीकों में भारतीय ज्ञान परंपरा की गहरी समझ दिखाई देती है। उन्होंने प्राचीन ग्रंथों में संरक्षित ज्ञान का आधुनिक शोध पद्धतियों के माध्यम से अध्ययन करने और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. पी.एस.एन. राव ने कहा कि पारंपरिक स्थापत्य ज्ञान और आधुनिक वास्तु नियोजन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। वहीं, प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी ने भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों के बीच शोध और संवाद को बढ़ावा देने की बात कही। प्रो. वासुदेव शर्मा ने संस्कृत ग्रंथों में मौजूद प्रतिमा निर्माण और शिल्प परंपरा से जुड़े ज्ञान के प्रामाणिक अध्ययन पर जोर दिया।

विश्वविद्यालय के वेद-वेदांग पीठ प्रमुख प्रो. देवीप्रसाद त्रिपाठी ने प्रतिमा विज्ञान के अध्ययन में वेद, आगम और शिल्पशास्त्र सहित प्राचीन ग्रंथों के समन्वित अध्ययन को आवश्यक बताया। संगोष्ठी के संयोजक एवं वास्तुशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक थपलियाल ने आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से भारतीय प्रतिमा विज्ञान के ऐतिहासिक, वास्तुशास्त्रीय और सामाजिक-सांस्कृतिक पहलुओं पर अकादमिक चर्चा की जा रही है।
संगोष्ठी के विशेष सत्रों में भारतीय विरासत संस्थान, नोएडा की प्रो. अनूपा पाण्डेय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. रामनाथ झा ने भी सहभागिता की। इन सत्रों में भारतीय विरासत, प्रतिमा विज्ञान के ऐतिहासिक महत्त्व और संस्कृत साहित्य में उपलब्ध शास्त्रीय ज्ञान पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।