DUSU Election 2026: अध्यक्ष पद पर NSUI के विजय शंकर मीणा आगे

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 September 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों के लिए शनिवार सुबह से वोटों की गिनती जारी है। मतगणना के शुरुआती दौर में अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन तीसरे राउंड तक तस्वीर बदल गई और NSUI के विजय शंकर मीणा आगे निकल गए। तीसरे राउंड में यश डबास को 3,130 वोट, जबकि विजय शंकर मीणा को 3,571 वोट मिले। इस तरह विजय शंकर मीणा 441 वोटों की बढ़त पर पहुंच गए हैं।

उपाध्यक्ष पद पर तीसरे राउंड के बाद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें 4,264 वोट मिले हैं, जबकि ABVP के ईशू मौर्य को 2,389 और NSUI के वीर चतरथ को 1,514 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर भी निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें 2,598 वोट मिले, जबकि ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 2,199 और NSUI के गोपाल चौधरी को 1,958 वोट मिले हैं।

वहीं सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। तीसरे राउंड की गिनती के बाद रिया छावड़ी को 2,805 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 2,332 वोट मिले हैं। इससे पहले भी रिया इस पद पर आगे चल रही थीं। अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य पदों पर भी मुकाबला लगातार बदलता हुआ नजर आया है और अंतिम परिणाम के लिए अभी आगे की मतगणना बाकी है।

इस बार DUSU के चार केंद्रीय पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। शुक्रवार को हुए मतदान में विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार करीब 40 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। 52 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग में छात्रों ने अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास, NSUI के विजय शंकर मीणा और AISA की अनन्या रतूड़ी समेत सात उम्मीदवार मैदान में हैं।

डूसू चुनाव की मतगणना दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पस हॉल में हो रही है। चुनाव परिणामों से पहले ABVP ने चारों केंद्रीय पदों पर जीत का दावा किया था, जबकि मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद पर NSUI ने बढ़त बना ली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जीत के जुलूसों पर रोक लगाने का निर्देश भी दिया है। अंतिम नतीजे आने तक सभी चारों पदों पर उम्मीदवारों की स्थिति में बदलाव की संभावना बनी हुई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।