दादरी में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, 100 बेड अस्पताल और स्टेडियम का प्रस्ताव

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19 सितंबर 2026): दादरी विधानसभा क्षेत्र में यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। विधायक तेजपाल नागर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्र में चल रही योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी।

दादरी में बाईपास निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब जमीन के सीधे बैनामे किए जा रहे हैं। वहीं, कुलेसरा से सूरजपुर और तिलपता तक सीसी रोड का निर्माण कार्य भी जारी है। पुराने ठेकेदार को लापरवाही के चलते ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद अब नए ठेकेदार के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

दादरी में बनेगा नया बिजलीघर

बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दादरी शहर में नए बिजलीघर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से जमीन उपलब्ध कराई गई है और उत्तर प्रदेश सरकार से मंजूरी भी मिल चुकी है। 20 सितंबर को सुबह 11 बजे बिजलीघर का भूमि पूजन किया जाएगा।

नए बिजलीघर के बनने से दादरी शहर के साथ-साथ चिटहेड़ा, धूम-मानिकपुर और आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

धूम के पास बनेगा 100 बेड का अस्पताल

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए धूम के पास करीब 35 बीघा जमीन पर 100 बेड का अस्पताल बनाने की योजना प्रस्तावित है। विधायक तेजपाल नागर के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अस्पताल में करीब 35 विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही गई है।

युवाओं के लिए स्टेडियम का प्रस्ताव

क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए युवाओं के लिए स्टेडियम बनाने की भी योजना है। करीब 35 बीघा जमीन पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम तैयार करने का प्रस्ताव है। इससे स्थानीय युवाओं को खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।

विधायक द्वारा बताई गई इन योजनाओं के अमल में आने से दादरी क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नए विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।