NIOS ब्रिज कोर्स का शुभारंभ, 67,529 शिक्षकों ने किया आवेदन; प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने की पहल
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (17/09/2026): राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) की ओर से प्राथमिक शिक्षक शिक्षा के लिए तैयार किए गए छह माह के प्रमाण-पत्र ब्रिज कोर्स का शुभारंभ केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किया। इस विशेष पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं विकासात्मक जरूरतों के अनुरूप आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं से लैस करना है।
इस पहल को प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने और कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण-अधिगम को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ब्रिज कोर्स के माध्यम से शिक्षकों को प्राथमिक स्तर के बच्चों के विकास, सीखने की प्रक्रिया और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से जुड़े जरूरी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
67,529 शिक्षकों ने किया आवेदन
NIOS के इस विशेष ब्रिज कोर्स के लिए देशभर से 67,529 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें सबसे अधिक आवेदन उत्तर प्रदेश से प्राप्त हुए हैं। राज्यवार आवेदन करने वाले शिक्षकों में उत्तर प्रदेश के 34,042, मध्य प्रदेश के 10,726, बिहार के 7,845, पश्चिम बंगाल के 6,628, असम के 1,382 और छत्तीसगढ़ के 1,274 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों से भी पात्र बीएड योग्यताधारी कार्यरत शिक्षकों ने आवेदन किया है।
प्राथमिक स्तर की शिक्षण जरूरतों पर फोकस
ब्रिज कोर्स को विशेष रूप से इस तरह तैयार किया गया है कि बीएड प्रशिक्षित शिक्षकों को प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाने के लिए आवश्यक अतिरिक्त ज्ञान और व्यावहारिक दक्षताएं प्राप्त हो सकें। पाठ्यक्रम में बाल विकास, सीखने की प्रक्रिया, विभिन्न शिक्षण दृष्टिकोण और प्राथमिक स्तर पर विषय-विशिष्ट शिक्षण पद्धतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों की उम्र, सीखने की क्षमता और विकासात्मक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधिक प्रभावी शिक्षण के लिए तैयार करना है।
किन शिक्षकों के लिए है ब्रिज कोर्स?
NIOS के अनुसार, यह विशेष पाठ्यक्रम उन बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए निर्धारित किया गया है, जिनकी नियुक्ति प्राथमिक विद्यालयों में 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पहले हुई है। यह व्यवस्था माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में लागू की गई है। निर्धारित प्रावधानों के तहत पात्र शिक्षकों को पाठ्यक्रम शुरू होने की तारीख से एक वर्ष की अवधि के भीतर ब्रिज कोर्स पूरा करना होगा। पाठ्यक्रम को निर्धारित अवधि में एक बार में पूरा करना आवश्यक होगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और NIOS के अधिकारी रहे मौजूद
ब्रिज कोर्स के शुभारंभ के अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टी.के. अनिल कुमार, संयुक्त सचिव प्राची पांडे, निदेशक भगवती प्रसाद कलाल, NIOS के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्र, निदेशक (शैक्षिक), निदेशक (व्यावसायिक), सचिव सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। NIOS की यह पहल प्राथमिक शिक्षक शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने, कार्यरत शिक्षकों की पेशेवर क्षमताओं को विकसित करने और प्राथमिक स्तर के बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।